इंदौर न्यूज़ (Indore News)

एक्जिट पोल जारी होते-होते भाजपा के पक्ष में आ गए सभी सर्वे

  • कई एजेंसियों ने चौंकाया…प्रदेश में बराबरी की टक्कर, आज भाजपा की बड़ी बैठक दिल्ली में भी, सभी महासचिवों को बुलाया

इंदौर। सुबह तक कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार प्रदेश का चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आने वाला है और कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में आ जाएगी, लेकिन तेलंगाना में मतदान थमने के बाद धड़ाधड़ जो एक्जिट पोल आना शुरू हुए, उसने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के संभावित आंकड़े देकर भाजपाइयों को खुश कर दिया। हालांकि कुछ एजेंसियों ने कांग्रेस को भी भाजपा से ज्यादा सीटें दी हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाले परिणाम भाजपा के पक्ष में आए हैं।

कल शाम जैसे ही एक्जिट पोल का हो-हल्ला शुरू हुआ, वैसे ही 5 राज्यों में सरकार बनाने को लेकर नई बहस शुरू हो गई। किसी के कयासों पर एक्जिट पोल ने मुहर लगा दी तो कोई कांग्रेस की सरकार के पक्ष में अड़ा रहा। हालांकि स्थिति तो रविवार की शाम तक ही स्पष्ट होगी कि किस राज्य में किसे बहुमत मिला है, पर जिस तरह से मध्यप्रदेश में कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस ने इस बार जोरदार चुनाव लड़ा व राजनीतिक रणनीति के माध्यम से उन क्षेत्रों में भाजपा के दिग्गजों की घेराबंदी की, जहां वे चुनाव लडऩे के लिए उतरे थे।


वहीं भाजपा ने मुख्यमंत्री की लाड़ली बहना योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। एक्जिट पोल में जिस तरह से एजेंसियों ने अपना सर्वे दिया है, उसमें अब भाजपा आगे दिख रही है, जहां कांग्रेस अब तक आगे थी। कांग्रेसी भी खुश थे कि उनके पक्ष में परिणाम आ रहे हैं, लेकिन एक्जिट पोल के बाद वे भी संशय में आ गए। आज दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष ने अपने सभी महासचिवों को बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में पांच राज्यों में आने वाले चुनाव परिणामों को लेकर चर्चा की जाना है।

मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बन रही है और हम इंदौर नगर की सभी सीटें जीत रहे हैं।

-गौरव रणदिवे, अध्यक्ष भाजपा
पूरे प्रदेश में 130 सीटों के साथ कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। इंदौर जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस ने अच्छा चुनाव लड़ा और वे सभी हमारे पक्ष में आ रही हैं।
-सुरजीतसिंह चड्ढा, अध्यक्ष कांग्रेस

Share:

Next Post

महेंद्र सिंह धोनी क्या पॉलिटिक्स में एंट्री करेंगे, BJP नेताओं के साथ मुलाकात की तस्वीरें वायरल

Fri Dec 1 , 2023
रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं. लेकिन, धोनी की इस बार की तस्वीरें कई मायनों में खास और अलग हैं. दरअसल महेंद्र सिंह की ये तस्वीरें बीजेपी नेताओं के साथ मुलाकात की है, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म […]