
नई दिल्ली। शादी समारोह से घर लौटते समय मारुति ओमनी और ट्रक की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुआ। मृतकों में दूल्हे के चाचा-चाची भी शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, हादसा पावनी तहसील के अद्याल गांव के पास हुआ। शादी पार्टी के लोग मारुति ओमनी में सवार थे। तेज रफ्तार से जा रही कार का अचानक टायर फट गया, जिससे ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और कार सामने चल रहे ट्रेलर ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। भंडारा जिले के अद्याल गांव निवासी लोमेश नान्हे के बेटे की शादी कोंधा गांव में संपन्न हुई थी। शादी समारोह समाप्त होने के बाद नौ लोगों की शादी पार्टी मारुति ओमनी में घर लौट रही थी। सौंदल गांव के पास पहुंचते ही यह दुर्घटना हो गई।
मृतकों की पहचान
मृतकों में दूल्हे के चाचा प्रभाकर चाचरकर (48), चाची मुन्नी प्रभाकर चाचरकर (43), दुर्गा देवराम नांगरे (40), श्वेता पुरुषोत्तम नांगरे (17), नैना देवराम नांगरे (17) सभी अद्याल गांव के निवासी थे। प्रभाकर चाचरकर दंपति अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए वेलाटूर से आए थे।घायलों में कार ड्राइवर सोहम जगेश्वर गाडेकर (25), नेहा गिरिधर नान्हे (18), रक्षा खेडकर (20), उमेश सोनवाने, खैरलांजी (बालाघाट, मध्य प्रदेश) शामिल है। सभी घायलों का इलाज भंडारा जिला के सामान्य अस्पताल में चल रहा है।
ट्रक ड्राइवर पर मुकदमा
पुलिस ने एफआईआर में ट्रेलर ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। FIR के अनुसार, ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार से लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। ट्रक ड्राइवर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 215/2026, 281, 105, 125(b) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 (खतरनाक ड्राइविंग) और 134(a)(b) (मेडिकल सहायता न देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved