उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

शिवालयों में छाया महाशिवरात्रि का उल्लास

  • आज से शुरु हुए धार्मिक आयोजन-अंगारेश्वर सहित अन्य महादेव मंदिरों में तैयारियाँ पूरी-दीपोत्सव भी मनेगा

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के अलावा शहर के अन्य शिवालयों में भी महा शिवरात्रि पर्व का उल्लास छाने लगा है। महा शिवरात्रि पर कल दिनभर शिव मंदिरों में भगवान का पूजन अर्चन होगा और श्रृंगार किया जाएगा। अगले दिन अंगारेश्वर सहित अन्य शिव मंदिरों में सेहरा सजाया जाएगा। सभी जगह दीप प्रज्जवलन की भी व्यवस्था की गई है। चामुण्डा माता मंदिर में भी 5100 दीप जलाए जाएँगे।


अंगारेश्वर महादेव पर भातपूजा बंद रहेगी
उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर के पीछे शिप्रा किनारे स्थित अंगारेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर में भातपूजा व पंचामृत आदि कार्य बंद रहेंगे, केवल दर्शन व्यवस्था चालू रहेगी। पुजारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि कल महाशिवरात्रि पर सुबह पंचामृत, दुग्ध अभिषेक के पश्चात भगवान की गुलाल आरती की जाएगी। दोपहर तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद भगवान का पंचामृत अभिषेक, हल्दी पूजन, बहु पुष्प पूजन होगा तथा सेहरा श्रृंगार किया जाएगा जो कि अगले दिन सुबह 9 बजे तक रहेगा। सुबह भोग आरती में फरियाली खीर का नैवेद्य लगाया जाएगा। शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष फूलों की सजावट, विद्युत सज्जा आदि की गई है।

चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में सजे सर्वेश्वर महादेव
महर्षि सांदीपनि आश्रम स्थित सर्वेश्वर महादेव में पांच दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव पंचामृत अभिषेक पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। केसर का उबटन लगाकर भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराने के पश्चात चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। पुजारी पं राहुल व्यास ने बताया कि सर्वेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि महोत्सव मनाया जा रहा है तथा कल सेहरा सजाया जाएगा और महाआरती कर प्रसादी का वितरण होगा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अलखधाम नगर स्थित साईं मंदिर में भक्तों द्वारा 1008 दीप प्रज्जवलित कर खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया जाएगा। ट्रस्टी ओम बंसल ने बताया कि साईं मंदिर में महादेव का विवाहोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत भगवान का अर्ध्दनारीश्वर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर कल सुबह 6 से 8 बजे रूद्राभिषेक होगा, पुष्पों की रांगोली बनाई जाएगी तथा संपूर्ण मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा कर फूलों से सजाया जाएगा। दोपहर में महादेव का सेहरा सजेगा तथा शाम को 7 बजे महाआरती होगी।

प्रकटेश्वर महादेव मंदिर पर होगी भस्मारती
फ्रीगंज स्थित प्रकटेश्वर महादेव मंदिर पर शिव रात्रि के अवसर पर रविवार को अखंड ज्योति हनुमानजी का शिव स्वरूप मे विशेष शृंगार किया गया, वहीं कल महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह 5 बजे भस्मारती, सुबह 9 बजे मंगला आरती, दोपहर 12 बजे मध्यान्ह आरती के पश्चात ठंडाई वितरण किया जाएगा। वहीं संध्या आरती पश्चात सेहरा दर्शन होंगे तथा प्रसाद वितरण होगा। रात्रि 12 बजे शयन आरती होगी।

सवा क्विंटल फलों से सजेगा सेहरा
फ्रीगंज स्थित त्रिलोकेश्वर महादेव मंदिर में आज से तीन दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव प्रारंभ हो गया। कल शिवरात्रि की शाम सवा क्विंटल फलों से महादेव का सेहरा सजेगा तथा छप्पन भोग अर्पित किये जाएँगे। शाम को महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण होगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर से 3 क्विंटल प्रसादी का वितरण किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पं. शैलेन्द्र व्यास ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर अंतर्गत आज से मंदिर में रूद्राभिषेक, लघुरूद्र का आयोजन शुरु हो गया है, वहीं कल महाशिवरात्रि पर सुबह महादेव का पंचामृत अभिषेक और आरती के पश्चात खिचड़ी और ठंडाई वितरण प्रारंभ होगा। शाम 6 बजे सेहरा दर्शन होगा तथा रात 8 बजे महाआरती होगी। वहीं 2 मार्च को सुबह आरती के पश्चात लड्डुओं का महाभोग लगेगा। इस अवसर पर मंदिर पर साज सज्जा की गई है।

चामुंडा माता मंदिर पर लगेंगे 5100 दीपक
माँ छत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर भक्त समिति द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर कल मंदिर में 5100 दीपक प्रज्जवलित किए जाएँगे, साथ ही मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है और प्रसादी वितरण भी किया जाएगा। पं. वेदांत चौबे एवं राजेंद्र शाह ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर दिव्य महाकाल भव्य उज्जयिनी के गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में चामुण्डा माता मंदिर भी सहभागिता करेगा और इसके तहत शाम को चामुण्डा माता मंदिर परिसर में 5100 दीपक लगाए जाएँगे तथा महाआरती की जाएगी। पं. शरद चौबे, पं. सुनील चौबे, पं. निखिल चौबे तथा समिति ने आयोजन में लोगों से शामिल होने की अपील की है।

विराट हनुमान मंदिर में होगी कालसर्प पूजा
शिवरात्रि महापर्व के अवसर पर हरसिद्धि मंदिर के पीछे विराट हनुमान मंदिर प्रांगण में सामूहिक कालसर्प दोष पूजा का आयोजन ज्योतिषाचार्य पं. डॉ. विशाल लक्ष्मीकांत शुक्ल के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा।

ऋणमुक्तेश्वर में कल जलाभिषेक, भंडारा होगा
महा शिवरात्रि पर ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में महंत रामनाथ महाराज की मौजूदगी में उत्सव मनाया जाएगा। शिवरात्रि पर्व पर मंदिर में दिनभर जलाभिषेक होगा। आम श्रद्धालु भी यहाँ भगवान के दर्शन कर जल चढ़ा सकेंगे। मंदिर प्रांगण में भंडारा भी आयोजित किया जाएगा जो दोपहर में शुरु होगा। रात 10 बजे ऋणमुक्तेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन कर सेहरा श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद महाआरती की जाएगी। मंदिर में रात 12 बजे तक दर्शन होंगे। शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में फूलों की सजावट की जाएगी व शाम को दीप प्रज्जवलित भी किए जाएंगे।

Share:

Next Post

तहसीलदार और सीएमओ पहुँचे सूची मंदिर मार्ग..नागरिक बोले सड़क निर्माण करवाओ

Mon Feb 28 , 2022
माकड़ोन। गत दिवस तहसीलदार और सीएमओ ने सूची मंदिर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि उक्त मार्ग पूरी तरह जर्जर है और इसका निर्माण शुरू होकर चार दिन चला। आप इस मार्ग का निर्माण पूरा करवाओ। नगर का सबसे पुराना सूची मंदिर मार्ग जो कि आगर मुख्य सड़क मार्ग से जुड़ा […]