चुनाव देश राजनीति

कांग्रेस का आरोप, खरगे और उनके परिवार को मारने की साजिश, भाजपा ने किया पलटवार

बैंगलूरू (Bangalore)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव (karnataka assembly election) के लिए प्रचार-प्रसार जोरों पर चल रहा है। इसी बीच नेताओं के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप को दौर भी चल रहा है। अब कांग्रेस महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने शनिवार को भाजपा के एक उम्मीदवार पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और उनके पूरे परिवार की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ, भाजपा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

कांग्रेस ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा नेता और चित्तापुर सीट से उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार की हत्या करने की साजिश रच रहे हैं। अब कांग्रेस के आरोपों पर मणिकांत राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ‘जब मैंने ये सुना तो मुझे काफी हैरानी हुई और मैं खूब हंसा। कांग्रेस चुनाव हारने से बहुत ज्यादा डरी हुई है। यही वजह है कि वह ऐसे झूठे आरोप लगा रहे हैं। मैंने कांग्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।



राठौड़ ने कहा कि ‘सोशल मीडिया पर जो ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, वह फर्जी है और मैंने किसी को कोई धमकी नहीं दी है।’ बता दें कि कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाए थे कि भाजपा नेता द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनके पूरे परिवार की हत्या की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस ने एक ऑडियो क्लिप भी जारी की थी, जिसमें मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था और उनके पूरे परिवार की हत्या की बात कही गई थी। कांग्रेस ने आरोप चित्तापुर से भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ पर लगाए थे।

गौरतलब है कि बीते दिनों मल्लिकार्जुन खरगे और उनके बेटे प्रियांक खरगे ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिस पर खूब हंगामा हुआ था। मणिकांत राठौड़ के खिलाफ 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं और बीते साल नवंबर में ही प्रियांक खरगे को धमकी देने के आरोप में राठौड़ को गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह जमानत पर रिहा हो गए थे।

Share:

Next Post

कांग्रेस पर भड़के योगी, कहा- बजरंग दल पर प्रतिबंध का प्रस्ताव हिंदू आस्था का मजाक बनाने की कोशिश

Sun May 7 , 2023
कोप्पा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव देकर हिंदू आस्था का ‘मजाक’ बनाने का प्रयास किया है। इसे बहुसंख्यक समुदाय बर्दाश्त और स्वीकार नहीं करेगा। […]