
भोपाल। हाल ही में कॉकरेच जनता पार्टी के आंदोलन के बाद देश भर में स्कूल, कॉलेज एवं अन्य संस्थाओं में स्टूडेंट हड़ताल पर उतर आए हैं। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने भी शैक्षणिक संस्था खासकर स्कूल, कॉलेजों में शिक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं के मुद्दों को उठाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्वतंत्रता दिवस पर पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में इसके संकेत दिए हैं।
पटवारी ने कहा कि देश के सामने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती है। कांग्रेस पार्टी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के रोजगार और शिक्षा की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। देश को विश्व में नंबर वन बनाने के इस अभियान में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत और अपने खून की अंतिम बूंद तक सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर भ्रष्टाचार का साया है। कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करेंगे तथा मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।