इंदौर न्यूज़ (Indore News)

WhatsApp ग्रुप बनाकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

 निगम चुनाव फतह करने के लिए कांग्रेस सोशल मीडिया का सहारा लेगी

कांग्रेस के संदेशों का आदान-प्रदान होगा तो आम लोगों की समस्याओं को जानकर उनका निदान भी किया जाएगा

 नेता-कार्यकर्ता के अलावा वार्ड के वरिष्ठजनों को जोडं़ेगे

इन्दौर, राजेश मिश्रा।   आगामी नगर निगम चुनाव को फतह करने के लिए कांग्रेस अब सोशल मीडिया का सहारा लेने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी मंडलम् अध्यक्षों को निर्देश जारी किया है कि वे वार्ड स्तर पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाएं। इसमें वार्डों में रहने वाले बड़े नेता से लेकर छोटे कार्यकर्ता को शामिल करें। वहीं वार्ड के वरिष्ठजनों को भी ग्रुप में शामिल करें और ग्रुप के माध्यम से कांग्रेस के कार्यक्रमों के संदेशों का आदान-प्रदान करें और आम लोगों की समस्या जानकर उनका निराकरण कर उनसे जुडऩे का प्रयास करें।


वैसे तो कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव हारने के बाद से ही सोशल मीडिया के महत्व को जाना और भाजपा की तर्ज पर आईटी सेल का गठन किया। इसकी प्रदेश स्तर से लेकर वार्ड स्तर पर इकाइयां गठित की। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ की भोपाल में पार्टी के बड़े नेताओं के साथ हुई बैठक में नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार बैठक में वर्तमान में सोशल मीडिया के महत्व पर भी गंभीर चिंतन-मनन हुआ, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के मंडलम् अध्यक्षों को वार्ड स्तर पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया से जुड़े फेसबुक, इंस्टाग्राम का भी उपयोग करने को कहा। आदेश में यह भी कहा कि वार्ड स्तर पर जो ग्रुप बनेंगे, उसमें पार्टी के बड़े नेता से लेकर वार्ड में रहने वाले छोटे से छोटे कार्यकर्ता को जोडऩे का प्रयास करें। वहीं वार्ड के ऐसे वरिष्ठजनों को भी शामिल किया जाए, जिनका वार्ड में आम लोग मान-सम्मान करते हैं। आम लोगों से वार्ड की छोटी से लेकर बड़ी समस्या व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जानें और मौका आने पर उनका उचित मंच पर निराकरण करने का प्रयास करें। व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के बाद अगर किसी तरह की कोई समस्या आती है तो कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े पदाधिकारी से सम्पर्क भी करें और समय-समय पर उनकी मदद लें। आईटी सेल जो कांग्रेस की रीति-नीतियों के संदेश जारी करती है, उन संदेशों का भी वार्ड स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए।


15 महीने की उपलब्धि बताएं

15 महीने की सरकार कांग्रेस की रही है और इस सरकार की अल्प अवधि में जो उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, उसकी जानकारी मतदाताओं को भी देने को कहा है। इनमें कांग्रेस के वचन पत्र के अनुसार पहले चरण में प्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ करने, बिजली का बिल 100 रुपए करने सहित अन्य चीजों का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।

निगम चुनाव के चलते कांग्रेस वार्ड स्तर पर एक-एक मतदाता तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर चल रहा है। अब सोशल मीडिया के सहारे भी कांग्रेस मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास और तेजी से करेगी।

विनय बाकलीवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष 

Share:

Next Post

एक्सपर्ट्स भी उठा रहे सवाल, चेन्नई टेस्ट में कप्तान कोहली ने कर दी ये बड़ी गलती

Sat Feb 6 , 2021
चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल ना करने पर उठ रहे हैं। चेन्नई टेस्ट में इंग्लैंड मजबूत स्थिति में दिख रहा है। टीम इंडिया के गेंदबाज अबतक कोई खास […]