
- गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे लोग
उज्जैन। ऐसे घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है, जिन्होंने अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं करवाई थी। ऑयल कंपनियों ने उनका कनेक्शन ब्लॉक कर दिया है, जिससे बुकिंग सहित अन्य सभी सेवाएं ठप हो गई हैं।
ऐसे में परेशान उपभोक्ता सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने सहित सभी तरह की मशक्कत कर रहे हैं, लेकिन एजेंसी कर्मचारियों का एक ही जवाब है कि उन्हें पहले ई-केवाईसी करवाना होगी तब ही बुकिंग शुरू हो सकेगी। जानकारी के अनुसार शहर में 2.50 लाख से अधिक घरेलू एलीपीजी सिलिंडर उपभोक्ता हैं, इनमें से बडी संख्या उपभोक्ताओं ने अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं करवाई थी। इस वजह से ऑयल कंपनियों ने उनके कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं, उनको इसका पता तब चला जब वह अपने कनेक्शन पर सिलेंडर की बुकिंग कर रहे थे। ऐसे में जब बुकिंग नहीं हो सकी तो उन्होंने एजेंसी पर पहुंचकर जानकारी ली तो कर्मचारियों ने बताया कि ई-केवाईसी नहीं करवाई है जिससे अभी सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार शहर के सभी घरेलू एलपीजी सिलिंडर उपभोक्ताओं को ई-केवायसी करवाना अनिवार्य है। जिन्होंने अब तक नहीं करवाई है वह करवा लें, जिससे उनका कनेक्शन और बुकिंग दोनों शुरू हो जाएगी।