उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News) मध्‍यप्रदेश

दरकने लगी दीवारें..गिरने लगा प्लास्टर

उज्जैन। स्मार्ट सिटी में शहर विकास की अनेक योजनाएं बन रही हैं जिनमें अरबों रुपये लगाए जा रहे हैं , लेकिन नगर निगम का ध्यान शहर की सबसे पुरानी सब्जी मंडी पर नहीं है। यहां के विकास एवं नई इमारत बनाने का अब तक कोई प्रस्ताव तैयार नहीं किया है। सालों से इस सब्जी मंडी की दीवारें दरकती जा रही है और प्लास्टर गिर रहा है।

स्मार्ट सिटी में शहर को विकसित करने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम ने अभी कुछ ही दिनों पूर्व पारित हुए बजट में छत्री चौक स्थित पानी की टंकी जो हेरिटेज हैं उसे तोडक़र कॉम्पलेक्स बनाने का प्रस्ताव पास किया। वहीं शहर के अन्य स्थानों पर भी नई बिल्डिंग बनाई जा रही है लेकिन पुराने शहर के बीचों बीच 40 हजार स्क्वेयर फीट से अधिक जमीन पर बनी 1938 की यह 82 वर्ष पुरानी इस सब्जी मंडी पर किसी भी जनप्रतिनिधि का ध्यान क्यों नहीं जाता है। जबकि इस सब्जी मंडी में 150 से अधिक सब्जी की दुकानें बनी है तथा सभी दुकानों के साथ नीचे तलघर बने हैं, जिसमें दुकान मालिक सब्जी का भंडारण कर सके, लेकिन पुरानी और जर्जर हो चुकी यह सब्जी मंडी अपनी दुर्दशा पर आँसू बहा रही है। पूर्व पार्षद प्रकाश शर्मा ने बताया इस सब्जी मंडी को उन्नत करने के लिए स्मार्ट सिटी के अंतर्गत नगर निगम को प्रस्ताव लाना चाहिए था, क्योंकि पुराने शहरवासियों के लिए यह सब्जी मंडी सुविधाजनक है। कुछ माह पूर्व कलेक्टर एवं संभागायुक्त इस सब्जी मंडी को देखने पहुँचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहाँ गिरे छत के टुकड़े भी देखे। दुकानदारों ने तत्कालीन कलेक्टर को यहां सुरक्षा और छत से पानी टपकने की समस्या भी बताई थी। इसके बाद भी सरकारी तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर होकर व्यापारियों ने चंदा किया और मुख्य द्वार पर चैनल गेट लगवाया और मंडी की मरम्मत कराई। यहां सब्जी खरीदने पार्षद से लेकर विधायक भी आते लेकिन इस सब्जी मंडी के विकास की योजना अब तक क्यों नहीं बनी यह एक बड़ा प्रश्न है। पूर्व पार्षद फातिमा रौनक ने इस सब्जी मंडी का बड़ा प्रोजेक्ट बनवाया था लेकिन तत्कालीन जिम्मेदारों ने उस प्रोजेक्ट को पास नहीं होने दिया। ऐसे में यह जर्जर सब्जी मंडी उसी दशा में है। उम्मीद थी कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इसे शामिल किया जाएगा लेकिन वहाँ भी इसके विकास हेतु कोई प्रस्ताव नहीं है।

Share:

Next Post

उज्जैन से भी कार सेवा करने अयोध्या गए थे हजारों कार्यकर्ता

Tue Aug 4 , 2020
उज्जैन। करीब 500 सालों के इंतजार के बाद अयोध्या में कल शुभ मुहुर्त में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण की नींव रखी जाएगी। इसके लिए 90 के दशक में कई आंदोलन हुए। तब की गई कार सेवा में उज्जैन से भी हजारों कार्यकर्ता गए थे। इनमें सांसद, मंत्री से लेकर भाजपा और हिन्दूवादी संगठन […]