भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बहन के ससुराल में समझाईश देने पहुंचे भाईयों पर जानलेवा हमला

  • हथाईखेड़ा पठार क्षेत्र में हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित हथाईखेड़ा पठार में बहन के ससुराल पक्ष को समझाइश देने पहुंचे परिवार पर ससुराल पक्ष ने डंडे और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पिता सहित दोनों भाइयों को चाकू लगा है। जबकि बहन को भी चोट आई है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मनोज राठौर पिता राजू राठौर (30) सीहोर के रहने वाले हैं। वे पुताई का ठेका लेते हैं।
उनकी बहन भारती की शादी हथाईखेड़ा पठार में हुई है। शादी के बाद उसके देवर से उसका अक्सर विवाद होता था। देवर को समझाइश देने की बजाय ससुराल पक्ष भारती को ही प्रताडि़त कर रहे थे। भारती ने यह बात अपने भाई मनोज और शिवम को बताई। मनोज पिता राजू, भाई शिवम के साथ बुधवार रात भोपाल पहुंचा था। रात में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई। गुरुवार सुबह मनोज, शिवम और पिता राजू राठौर बेटी के घर से अपने घर सिहोर जाने की तैयारी में थे। इस बीच दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर राजाबाबू, नरेंद्र, ओमकार और राजेंद्र ने मिलकर तीनों की डंडे से पिटाई कर दी।
इस दौरान आरोपियों ने छुरी से भी हमला किया था। छुरी मनोज, शिवम और राजू तीनों को ही लगी है। शिवम के सीने के पास छुरी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने समझाइश दी। इसके बाद मामला शांत हो सका। हालांकि इस दौरान मनोज, शिवम और उनके पिता राजू लहूलुहान हो गए थे। इस घटना में बीच बचाव कर रही भारती से भी मारपीट हुई है।

Share:

Next Post

पांच माह से सचिवों को नहीं मिल रहा वेतन

Fri Jul 10 , 2020
हफ्तेभर में मांग नहीं मानी तो करेंगे आंदोलन भोपाल। प्रदेश के पंचायत सचिवों को सरकार ने कोरोना योद्धा घोषित किया गया है। वेतन बजट आवंटन के अभाव में पंचायत सचिवों को 5 माह का वेतन नहीं मिला है। मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने चेतावनी दी है कि हफ्तेभर में […]