
इंदौर। लवकुश चौराहे पर बन रहे डबल डेकर ब्रिज और सर्विस रोड के लिए कल शाम हुए ट्रैफिक डायवर्जन के ट्रायल में अधिकारियों को कुछ कमियां मिली हैं, जिसे दूर करने के बाद यहां आज से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। एक महीने के लिए इस डायवर्जन का इस्तेमाल वाहन चालकों को करना होगा।
कल यहां पहुंचे एडिशनल डीसीपी (पश्चिम) और यातायात पुलिस के अन्य अधिकारियों ने ड्रोन से अस्थायी डायवर्जन को देखा, जिसमें कुछ कमियां पाई गईं। अधिकारियों का कहना है कि लेफ्ट टर्न को लेकर परेशानी आ रही है, साथ ही यहां डायवर्जन को लेकर फिलहाल कुछ और संकेतक लगाए जाने हैं, जिन्हें कल ही लगाने की बात कही गई, जिसके बाद आज ही स्थायी डायवर्जन लागू किया जाएगा। ये डायवर्जन एक महीने के लिए होगा, इसलिए वाहन चालकों को आने वाली तमाम परेशानियों को देखते हुए ही निर्णय लिया गया है।
एडिशनल डीसीपी (पश्चिम) संतोष कुमार कौल ने बताया कि वाहन चालकों के लिए यहां सिग्नल भी लगाया है। कल निरीक्षण के दौरान देखा गया कि सिग्नल भी गलत जगह लगाया गया, जो वाहन चालकों को सही से नजर नहीं आ रहा था। मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी में ही इसे ठीक करवाया गया है, वहीं अन्य कमियों के लिए आईडीए के संबंधित अधिकारियों से बात की गई है। उल्लेखनीय है कि आईडीए लवकुश चौराहे पर डबल डेकर ब्रिज बना रहा है। यहां चौराहे पर सीमेंटेड सर्विस रोड बनना है, जिसके लिए आईडीए ने यातायात पुलिस से एक महीने तक डायवर्जन लागू करने की अनुमति मांगी है।
आज से ये होगी व्यवस्था
एडिशनल डीसीपी कौल ने बताया कि लवकुश चौराहे से मरीमाता चौराहे की ओर जाने वाली लेन ट्रैफिक के लिए बंद होगी। उज्जैन की ओर से आने वाले वाहन मरीमाता चौराहे की ओर न जाते हुए लेफ्ट टर्न से एमआर 10 की ओर आ सकेंगे। यहां पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं। यहां से वाहन राइट टर्न लेकर औद्योगिक क्षेत्र से बाणगंगा मरीमाता की ओर जा सकते हैं। कहीं-कहीं लेफ्ट टर्न को लेकर दिक्कत थी, वहां स्टापर की सहायता से उसे सही किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved