
इंदौर। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के दो वार्डों के बीच पानी को लेकर चल रही टसल का कोई रास्ता अभी तक नहीं निकल पा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए कल जाल सभागृह में भी बैठक आयोजित की गई, लेकिन उसका भी नतीजा सिफर रहा।
भाजपा पार्षद लालबहादुर वर्मा ने कल सैकड़ों लोगों को साथ लेकर जुलूस निकाला था और वह पानी की समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र के विधायक रमेश मेंदोला के निवास पर पहुंचे थे। सत्ता वाली पार्टी के विधायक के घर तक होने की पार्टी के नेता के जुलूस से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई थी। ऐसे में अब इस समस्या का समाधान आवश्यक हो गया था। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए मेंदोला अपने साथ पार्षद वर्मा को लेकर जाल सभागृह में पहुंच गए। वहां समान नागरिक संहिता का विचार- विमर्श कार्यक्रम आयोजित था।
इस कार्यक्रम के बाद आईएमए के कार्यालय के बैठक कक्ष में एक बैठक इस समस्या पर आयोजित की गई। बिना किसी पूर्व सूचना के आयोजित की गई इस बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, अपर आयुक्त पानी आशीष पाठक, विधायक मधु वर्मा सहित अन्य लोग शामिल हुए। इस बैठक में 2 घंटे से ज्यादा समय तक पार्षद लालबहादुर वर्मा के वार्ड की पानी की समस्या का समाधान करने पर विचार किया गया।
बैठक के बाद में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि बैठक में समस्या का समाधान निकल गया है। जिस स्थान से पानी लेने को लेकर वर्मा और कांग्रेस की पार्षद सोनिला मिमरोट के बीच विवाद की स्थिति बन रही है, उस स्थान पर एक नया वॉल्व लगाया जाएगा। इस वाल्व को चालू करने और बंद करने का काम निगम की टीम द्वारा किया जाएगा। इस वाल्व से पहले वर्मा के वार्ड को पानी दिया जाएगा, बाद में दूसरे वार्ड को पानी दिया जाएगा। महापौर द्वारा निकाले गए इस समाधान का क्षेत्र की कांग्रेस की पार्षद ने विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि यह कैसे संभव है कि जब हमें पानी देंगे, तब भी उन्हें पानी देंगे और जब उन्हें पानी देंगे, तब वह अकेले उन्हें ही दिया जाएगा। इस तरह की व्यवस्था नहीं चल सकेगी। इस तरह कांग्रेस पार्षद के विरोध के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि कल की बैठक कर इस समस्या के समाधान की दिशा में की गई पहल कारगर नहीं है।
टंकी का क्या हुआ… टेंशन मत लिया करो
इस बैठक के बाद लालबहादुर वर्मा ने महापौर से पूछा कि हमारे वार्ड की टंकी के निर्माण का टेंडर हुआ था, उसका क्या हुआ? जवाब में महापौर ने कहा कि मालूम नहीं है देखना पड़ेगा। इस पर वर्मा बोलें मुझे टेंशन हो जाता है। जब टेंशन होता है तो फिर शुगर बढ़ जाती है। इस पर महापौर ने कहा कि टेंशन मत लिया करों।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved