इंदौर न्यूज़ (Indore News)

नागपुर में खराब मौसम के कारण तीन विमान डायवर्ट होकर इंदौर पहुंचे

मौसम साफ होने पर दो विमान रात को ही वापस लौटे, तकनीकी खराबी के कारण एक सुबह रवाना हुआ

सैकड़ों यात्री हुए परेशान, 166 यात्रियों ने इंदौर में ही बिताई रात

इंदौर, विकाससिंह राठौर। देश के कई हिस्सों में एक बार फिर खराब मौसम के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। कल नागपुर में शाम को तेज बारिश के चलते यहां अलग-अलग शहरों से पहुंचे चार विमानों को डायवर्ट करना पड़ा। इनमें से तीन इंदौर और एक हैदराबाद भेजा गया। इंदौर आए तीन विमानों में से दो विमान रात को ही मौसम साफ होने पर रवाना हो गए। वहीं एक विमान में तकनीकी खराबी के चलते वह सुबह रवाना हुआ और यात्रियों को इंदौर में ही रात बिताना पड़ी। इस दौरान यात्रियों ने हंगामा भी किया। विमान के डायवर्ट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


ये विमान हुए डायवर्ट

  • इंडिगो की फ्लाइट (6ई-5064) रात 8.40 बजे मुंबई से नागपुर पहुंचती है, लेकिन इस समय यहां खराब मौसम के चलते विमान को डायवर्ट कर इंदौर लाया गया और यह फ्लाइट रात 9.40 बजे इंदौर पहुंची। विमान में 228 यात्री सवार थे। मौसम ठीक होने पर यह इंदौर से रात 10.50 बजे नागपुर के लिए रवाना हुआ।
  • इंडिगो की फ्लाइट (6ई-7247) रात 8.45 बजे अहमदाबाद से नागपुर पहुंचती है। यह फ्लाइट भी खराब मौसम के चलते वहां नहीं उतर पाई और इसे डायवर्ट कर रात 10 बजे इंदौर लाया गया। इसमें 81 यात्री सवार थे। यह विमान मौसम ठीक होने पर रात 11.30 बजे नागपुर रवाना हुआ।
  • एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई-629) मुंबई से रात 8.30 बजे नागपुर पहुंचती है। इसे भी खराब मौसम के कारण इंदौर लाया गया। यह रात 9.10 बजे इंदौर पहुंची। इसमें 166 यात्री सवार थे।

एयर इंडिया का विमान बिगड़ा, यात्रियों को सुबह इंडिगो से भेजा
अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया का विमान रात 9.10 बजे डायवर्ट होकर इंदौर पहुंचा था। यहां आने के बाद पहले तो नागपुर में मौसम साफ होने का इंतजार किया जाता रहा। मौसम साफ होने पर जब विमान रवाना होने लगा, तभी एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। विमान की जांच के बाद कहा गया कि सुधार में समय लगेगा। इसलिए फ्लाइट को निरस्त करते हुए सुबह जाने के लिए कहा गया और यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल में लाया गया। सुबह तक इंतजार की बात पर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर हंगामा किया।

Share:

Next Post

तेलंगाना की राज्यपाल ने दिया इस्तीफा, लड़ सकती हैं लोकसभा चुनाव

Mon Mar 18 , 2024
डेस्क: तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने सोमवार को तेलंगाना के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया. सौंदर्यराजन ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप दिया. वहीं तमिलिसाई सौंदर्यराजन के तमिलनाडु से लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है. राजभवन ने जानकारी देते हुए कहा कि तेलंगाना की माननीय राज्यपाल और पुडुचेरी […]