
रीवा। रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरदुआ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हरदुआ गांव निवासी धर्मेंद्र कोल उर्फ भिंडू कोल (28 वर्ष) का अपने छोटे भाई गोलू कोल (23 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने गोलू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश साकेत और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक का शव उसके पैतृक घर पर रखा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है और फोरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
फरार आरोपी धर्मेंद्र कोल उर्फ भिंडू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी शैल यादव ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत गुढ़ पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved