
डेस्क। 17 जून की सुबह करीब 3 बजे गोरेगांव (पूर्व) में रॉयल पंप स्टूडियो में ‘लव एंड वॉर’ का सेट लगा था। इस फिल्म के सेट पर एक हादसे में 42 साल के चंद्रधारी यादव की मौत हो गई। यह फिल्म संजय लीला भंसाली बना रहे हैं, इसमें लीड रोल रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हैं। इस घटना के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज और फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन ने मिलकर फिल्म के प्रोड्यूसर्स से पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की।
चंद्रधारी यादव एक कारपेंटर थे और फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन के सदस्य थे। यूनियन के प्रतिनिधियों के मुताबिक शुरुआती तौर पर लगा कि उनकी मौत शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। हालांकि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। चंद्रधारी यादव के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। परिवार को इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक सहायता मिल सके, इसके लिए प्रयास किए गए।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज और फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड एलाइड मजदूर यूनियन ने मिलकर फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के प्रोड्यूसर्स से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है। इसके बाद संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाउस ने चंद्रधारी यादव के परिवार को 40 लाख रुपये देने की पेशकश की।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी का कहना है, ‘आर्थिक मुआवजे के अलावा हमने प्रोड्यूसर से मृतक के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जिम्मेदारी लेने का भी अनुरोध किया है। अक्सर वर्करों से तय आठ से दस घंटे से कहीं ज्यादा काम कराया जाता है। काम के दौरान कोई व्यक्ति शारीरिक रूप से खुद को कितना थका सकता है, इसकी भी एक सीमा होती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हम आगे की कार्रवाई तय करेंगे।’
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज के जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे कहते हैं, ‘चंद्रधारी पिछले तीन दिनों से लगातार सेट पर काम कर रहे थे और जिस दिन हादसा हुआ, उस दिन सुबह 7 बजे से रात 3 बजे तक ड्यूटी पर थे। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक उन्हें बिजली का झटका लगा और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हमने संजय लीला भंसाली को पत्र लिखकर चंद्रधारी की पत्नी को उनके प्रोडक्शन हाउस में नौकरी देने का भी अनुरोध किया है।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved