विदेश

बाढ़ से बचाने के लिए इंजीनियरों ने तोड़ दी झील, त्रासदी से उबरने में अब आएगा 80 हजार करोड़ का खर्च

इस्लामाबाद। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में बाढ़ का तांडव लगातार जारी है। इस जानलेवा बाढ़ से अब तक 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 12,577 लोग घायल हो गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान में पांच लाख से अधिक लोग बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा, सिंध और पंजाब प्रांतों में राहत शिविरों में रह रहे हैं। मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को 30 साल के औसत की तुलना में 500 प्रतिशत अधिक बारिश का खामियाजा भुगतना पड़ा है। वहीं लोगों बाढ़ की इस विभीषिका से निकालने के लिए पाकिस्तानी इंजीनियर तरह-तरह की तरकीब लगा रहे हैं ताकि शहर में घुसने वाले पानी की निकासी की जा सके।

पाक इंजीनियरों ने सबसे बड़ी ताजे पानी की झील को तोड़ दिया
अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इंजीनियरों ने पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताजे पानी की झील को तोड़ दिया है जिससे आसपास के शहरों से पानी की निकासी की जा सके। सिंध प्रांत के सूचना मंत्री शारजील इनाम मेमन ने सोमवार को समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि इंजीनियरों को पानी निकालने के लिए मंचर झील के एक नाले को काटना पड़ा, जिससे सहवान और भान सईदाबाद के शहरों को बहुत अधिक खतरा था, जिनकी कुल आबादी लगभग 25 लाख है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि देश के इतिहास में इस तरह की बाढ़ कभी नहीं आई थी। अधिकारियों ने आगे कहा कि बाढ़ के पानी को डायवर्ट कर दिया गया लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। छोटी बस्तियों से अभी भी हजारों लोगों को निकालना बाकी है।


त्रासदी से उबरने में अब आएगा 80 हजार करोड़ का खर्च
अधिकारियों का कहना है कि इस त्रासदी से उबारने के लिए पाकिस्तान सरकार को करीब 80 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। अधिकारियों ने कहा कि हमारे लिए ये सब करना मुश्किल होगा क्योंकि जब मानसून खत्म हो जाएगा तब फिर ठंड दस्तक दे देगी। ऐसे में बेघर लोगों के लिए घरों का इंतजाम करना बहुत जरूरी होगा।

पाकिस्तान में 47 हजार गर्भवती राहत शिविरों में रहने को मजबूर
पाकिस्तान में बाढ़ से प्रभावित 47,000 से अधिक गर्भवती महिलाएं सिंध प्रांत में आश्रय शिविरों में रहने को मजबूर हैं। सिंध की स्वास्थ्य मंत्री अजरा पेचुहो ने बाढ़ से प्रभावित महिलाओं के आंकड़े साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद हजारों की संख्या में लोग बीमारी से पीड़ित मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, प्रांत में डायरिया के 1,34,000 से अधिक मरीज मिले हैं और मलेरिया के 44,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

Share:

Next Post

डांसर Sapna Choudhary पहुंचीं लखनऊ, धोखाधड़ी मामले में कर सकती हैं सरेंडर

Tue Sep 6 , 2022
डेस्क। सपना चौधरी लखनऊ पहुंच चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कई महीनों से कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रही हरियाणी सिंगर और डांसर आज कोर्ट में सरेंडर कर सकती हैं। बता दें कि कोर्ट ने सपना के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर रखा है। दरअसल, लखनऊ के आशियाना थाने में डांसर क्वीन […]