भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बारिश की संभावना के बीच मतदाताओं में उत्साह

  • 5 नगरपालिक निगम, 40 नगरपालिका और 169 नगर परिषद में चल रहा मतदान

भोपाल। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के तहत दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज हो रहा है। प्रदेश के 43 जिलों के 214 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। कुल 6 हजार 829 मतदान केंद्रों पर 49 लाख 9 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें 25 लाख 20 हजार 923 पुरूष, 23 लाख 88 हजार 65 महिला और 292 अन्य मतदाता हैं। दूसरे और अंतिम चरण में पांच नगरपालिक निगम, 40 नगरपालिका परिषद और 169 नगर परिषद में मतदान होगा। मतदान ईवीएम के माध्यम से हो रहा है। बारिश की संभावनाओं के बीच मतदाताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है।
अगर भोपाल अंचल की बात करें तो आज दूसरे चरण में नगरपालिका परिषद बैरसिया, नरसिंहगढ़, सारंगपुर, रायसेन, बेगमगंज, मंडीदीप, आष्टा, सिरोंज, देवरी, बीना, नर्मदापुरम, पिपरिया में मतदान हो रहा है। इसी तरह नगर परिषद चुनाव के तहत सांची, गैरतगंज, औबेदुल्लागंज, सुलतानपुर, उदयपुरा, जावर, कोठरी, इछावर, नसरूल्लागंज, बुदनी, रेहटी, शाहगंज, कुरवाई, लटेरी, शमशाबाद, ईसागढ़, पिपरई, बंडा, शाहगढ़, राहतगढ़, मालथौन, बनखेड़ी, माखननगर, भैंसदेही, घोड़ाडोंगरी, बैतूल बाजार आदि में लोग नगर सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदाताओं में सात साल बाद हो रहे नगरीय निकाय चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें लगी हैं। हरेक बूथ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।


चार सीट पर भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला, एक पर त्रिकोणीय टक्कर
दूसरे चरण में आज जिन पांच नगर निगम के महापौर के लिए मतदान हो रहे हैं उनमें से चार सीट रीवा, कटनी, मुरैना और रतलाम में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला बताया जा रहा है। सिर्फ एक सीट देवास ऐसी है, जहां त्रिकोणीय स्थिति है। खास बात यह है कि इन सभी सीटों पर भाजपा के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के लिए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कैंपेनिंग की। दूसरे दिग्गज नेताओं ने भी कमान संभाली।

  • मुरैना सीट: मुरैना में भाजपा की महापौर त्याशी मीना-मुकेश जाटव और कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी के बीच कड़ी टक्कर है। भाजपा की महापौर पद प्रत्याशी मीना-मुकेश जाटव और कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी। बीजेपी के लि यह सीट प्रतिष्ठा विषय बन गई है। इसलिए सीएम शिवराज भी यहां बीजेपी के लिए यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कमान संभाल रखी है। उनके अलावा यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रचार किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के लिए कमलनाथ प्रचार करने पहुंचे। उनके अलावा नेताप्रतिपक्ष गोविंद सिंह और पूर्वमंत्री जयवर्धन सिंह ने भी प्रचार किया। महापौर के लिए मुरैना में चार प्रत्याशी मैदान में हैं।
  • रीवा सीट: 24 साल से भाजपा के कब्जे वाली महापौर सीट पर इस बार कांग्रेस ने पेंच फंसा दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा में प्रचार करने दो बार पहुंचे। कांग्रेस और भाजपा में सीधी टक्कर बताई जा रही है। भाजपा प्रत्याशी प्रबोध व्यास के लिए कांग्रेस के जमीनी नेता अजय मिश्रा बाबा ने मुकाबला कठिन बना दिया है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने दीपक सिंह, बहुजन समाज पार्टी ने जय प्रकाश, समाजवादी पार्टी ने चिकित्सामणि गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, यहां महापौर के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।
  • रतलाम सीट: भाजपा के प्रहलाद पटेल और कांग्रेस के मयंक जाट के बीच सीधा मुकाबला बताया जा रहा है। वहीं पटेल के लिए भाजपा के बागी उम्मीदवार अरुण राव के मैदान में होने से इस चुनावी टक्कर को अधिक कठिन बना दिया है। वहीं भाजपा के प्रत्याशी प्रहलाद पटेल वायरल वीडियो ने भी नई चुनौती खड़ी कर दी है। आम आदमी पार्टी के अनवर खान, समाजवादी पार्टी की आफरीन खान, नेशनलिस्ट पार्टी के जहीरूद्दीन सहित 7 उम्मीदवार मैदान में हैं।
  • कटनी सीट: कटनी में महापौर पद के लिए 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां भी भाजपा की ज्योति बीना दीक्षित और कांग्रेस की श्रेहा रौनक खंडेलवाल के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है। यहां भी भाजपा के लिए बागी प्रत्याशी प्रीति सूरी ने टेंशन बढ़ा रखी है। अपना नामांकन फॉर्म जमा करते समय ही सूरी ने भीड़ जुटाकर कड़ा मैसेज देने की कोशिश की थी। आम आदमी पार्टी से शशि प्रभा तिवारी, बहुजन समाजवादी पार्टी से अंजलि, समाजवादी पार्टी से अनीता भी शामिल हैं।
  • देवास सीट: देवास में महापौर के भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल और कांग्रेस की विनोदनी व्यास के लिए निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा चौधरी कड़ी टक्कर देती नजर आ रही हैं। इसलिए यहां त्रिकोणीय मुकाबला होता दिख रहा है। मनीषा के कारण सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस को हो सकता है। उनके जनपंसर्क और सोशल मीडिया पर किए जा रहे कैंपेन से लग रहा है कि वो दोनों दलों को टक्कर दे रही हैं। मनीषा कांग्रेस महासचिव शिवा चौधरी की बहू हैं। देवास में 6 उम्मीदवार महापौर पद के लिए कुल मैदान में हैं। यहां भी आम आदमी पार्टी से चाना ज्ञानेश, बीसीपी से निकिता सूर्यवंशी भी मैदान में हैं।
Share:

Next Post

आज सुबह से नगरीय निकाय का अंतिम चरण का मतदान शुरु हुआ

Wed Jul 13 , 2022
6 नगरीय निकायों में कुल 6 लाख 62 हजार मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग-मतगणना 20 को होगी-सुबह 9 बजे तक हुआ 25 प्रतिशत मतदान उज्जैन। जिले में 3 नगर पालिका और 3 नगर परिषदों के चुनाव के लिए आज सुबह से मतदान शुरु हो गया है। अंतिम चरण का यह मतदान शाम 5 बजे तक […]