
इंदौर, विकाससिंह राठौर।
इंदौर (Indore) में कल रात देश के टॉप 3 घी ब्रांड (Top 3 Ghee Brands) में शामिल गोवर्धन घी (Govardhan Ghee) पर बड़ी कार्रवाई की गई। राज्य के खाद्य औषधि प्रशासन और केंद्र के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की टीम द्वारा एबी रोड पर गोवर्धन घी के गोदाम पर कार्रवाई करते हुए डेढ़ करोड़ रुपए कीमत के 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक लगाई गई है। टीम ने यहां से घी की अलग-अलग पैकिंग के 20 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घी की मात्रा और कीमत के मान से इसे इंदौर सहित प्रदेश की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए राज्य शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में खाने-पीने और मुख्य रूप से दूध व डेरी प्रोडक्ट की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले दिनों भोपाल में गोवर्धन घी का सैंपल लिया गया था। जांच में यह अवमानक (सब-स्टैंडर्ड) पाया गया। इसके साथ ही कई और ब्रांड के नमूने भी फेल हुए। इसके बाद पूरे प्रदेश में ऐसे सभी ब्रांड की जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के नेतृत्व में खाद्य औषधि प्रशासन की टीम कल रात एबी रोड पर गोल्डन पैलेस कॉलोनी में विक्टर हाउस-1 स्थित पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान यहां पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड पुणे (महाराष्ट्र) द्वारा निर्मित गोवर्धन ब्रांड घी का भंडारण और विक्रय किया जाना पाया गया। टीम ने यहां मिले 25 हजार लीटर गोवर्धन घी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ है, को जांच पूरी होने और आगामी आदेश तक विक्रय किए जाने से रोकने के आदेश जारी किए हैं।

केंद्रीय लाइसेंस मिला तो एफएसएसएआई को भी बुलाया
राज्य के खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा जब यहां जांच शुरू की गई तो संस्थान के पास केंद्रीय लाइसेंस मिला। इसके चलते टीम ने कार्रवाई के लिए यहां भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की टीम को भी बुलाया। इसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यहां से 20 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तब तक घी की बिक्री पर रोक रहेगी।
केबीसी का प्रायोजक है गोवर्धन घी, हर प्रतियोगी को मिलता है मुफ्त
गोवर्धन घी देश का कितना बड़ा ब्रांड है इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि यह अमिताभ बच्चन द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कौन बनेगा करोड़पति का लंबे समय से और एक मुख्य प्रायोजक है। अमिताभ बच्चन द्वारा प्रतियोगियों को अलग-अलग पड़ाव पार किए जाने पर इस घी का 1 से 2 साल का भंडारण भी उपहार स्वरूप दिया जाता है।
कई नामी ब्रांड्स कतार में
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा राज्य में पिछले दिनों फेल हुए घी के नमूनों के बाद 20 से ज्यादा ब्रांड की सूची तैयार कर पूरे प्रदेश में जांच और बिक्री पर रोक के आदेश दिए गए हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में कई और नामी ब्रांड पर इस तरह की कार्रवाई देखने को मिल सकती है और अपने को सबसे शुद्ध बताने वाले नामी ब्रांड के दावों की पोल खुल सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved