इंदौर न्यूज़ (Indore News)

100 पुष्प विहार भूखंड पीडि़तों की पहली सूची आज

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस-प्रशासन अब इन दोनों संस्थाओं की शुरू करेगा जांच-पड़ताल
इंदौर। अभी शनिवार और रविवार को प्रशासन ने पुष्प विहार (Pushp Vihar) कालोनी में दो दिवसीय मेला लगवाया, जिसमें 400 से अधिक रजिस्ट्रियां पहले चरण में मिली, जिनका सत्यापन करवाया जा रहा है। मजदूर पंचायत (Mazdoor Panchayat) संस्था की इस कालोनी में 25 साल बाद भूखंडों पर कब्जे करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और पहली खेप में आज 100 प्रथम दृष्ट्या वैध पाए गए रजिस्ट्रीधारकों की सूची रहवासी संघ को सौंप दी जाएगी, ताकि वे फटाफट बाउण्ड्रीवाल का काम शुरू करवा सकें। अन्य रजिस्ट्रियों की भी जांच-पड़ताल चल रही है। इसमें कुछ जमीने भूमाफियाओं (land mafia) ने केशव नचानी सहित अन्य लोगों को बेच रखी है। वहीं इन्फार्मल सेक्टर के भी सवा सौ से अधिक भूखंड बेच दिए हैं।


पिछले दिनों कलेक्टर मनीष सिंह (Collector Manish Singh) ने पुष्प विहार में भी दो दिवसीय मेला लगवाया, जिसमें भूखंडधारकों को बुलाया गया और 8 टेंट लगाए गए, जिसमें दस्तावेजों का सत्यापन करवाया गया। इसमें 421 भूखंड पीडि़तों ने रजिस्ट्री के साथ अपने अन्य दस्तावेज शपथ-पत्र के साथ सौंपे। वहीं 50 से अधिक लोग विदेशों में होने या बीमारी के चलते नहीं पहुंच पाए। उन्हें भी प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि वे अपने दस्तावेज भिजवा दें। उनके साथ भी न्याय होगा। जिस तरह से अयोध्यापुरी में भूखंडधारकों को कब्जे दिलवाकर बाउण्ड्रीवाल बनवाई है, उसी तरह अब पुष्प विहार के सभी सेक्टरों में पहले 25-25 भूखंडधारकों की सूची तैयार की जा रही है और चारों सेक्टरों में 100 भूखंडधारकों की सूची आज प्रशासन की ओर से पुष्प विहार रहवासी संघ को मिल जाएगी। अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेड़ेकर के मुताबिक 100 रजिस्ट्रियां प्रथम दृष्ट्या सही पाई गई है। लिहाजा इनकी सूची रहवासी संघ को सौंप रहे हैं। पुष्प विहार रहवासी संघ के महासचिव एनके मिश्रा का कहना है कि सूची मिलते ही बाउण्ड्रीवॉल का निर्माण इन सभी भूखंडों पर शुरू करवा दिया जाएगा। पुष्प विहार में हालांकि लैंड यूज की दिक्कत भी नहीं है, लेकिन नगर निगम के मुताबिक विकास कार्य अवश्य नए सिरे से करना होगा, क्योंकि वर्षों पुराना विकास कार्य खराब भी हो गया है। नक्शे के आधार पर इनके विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसमें बगीचे, स्कूल की जमीनों पर भी कुछ भूखंड बेचे जाने की जानकारी सामने आई है।

Share:

Next Post

इंदौर में कई पुराने पार्षदों में अब भी चुनाव लडऩे की चाह

Wed Mar 3 , 2021
भाजपा में टिकट के दावेदार-विधानसभा 2… इंदौर। दो नंबर विधानसभा में भी इस बार चुनाव लडऩे वालों की कमी नहीं है, लेकिन यहां जो फैसला होता है वो विधायक रमेश मेंदोला (Ramesh Mendola) की सहमति के बाद ही होता है। दावेदार मेंदोला के आगे-पीछे घूम रहे हैं, लेकिन यहां जो होगा वह तो उसी दिन […]