भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

किसानों का कर्जा माफ किया, इसमें मैंने कौन सा गुनाह कियाः कमलनाथ 

राजगढ़। प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने हजारों गौशालाओं को निर्माण कराया, सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई, पहले दौर में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया तो इसमें मैंने कौन सा गुनाह किया, जो शिवराज सिंह मुझे पापी कहते हैं और झूठ पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करते हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को ब्यावरा नगरपालिका काॅम्पलेक्स पर कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि डाॅ. अम्बेडकर ने संबिधान का निर्माण किया, जिसमें उपचुनाव का प्रावधान है, लेकिन उन्होंने ऐसा कभी नहीं सोचा था कि सौदे की राजनीति के चलते उपचुनाव कराना पडेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 में मतदाताओं ने कांग्रेस को चुना और शिवराज सिंह को घर बैठा दिया, वहीं उस समय मुझे ऐसा प्रदेश मिला जो बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, महिला अपराध और भ्रष्टाचारी में नंबर वन था। ऐसे में पहले ही दौर में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया और दूसरी किश्त का समय आ रहा था, 100 रुपये में बिजली, हजारों गौशाला का निर्माण किया गया, फिर भी शिवराज सिंह पापी कहते हैं। शिवराज सिंह झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं करते हैं। उन्होंने हाल ही में घोषणा की है कि प्रदेश के लोगों को मुफ्त में कोविड वैक्सीन दी जाएगी, अरे भैया वैक्सीन बनी ही नहीं है तो कहां से मुफ्त में देंगे।
कार्यक्रम में आचार्य प्रमोद कृष्ण ने महाभारत के द्रोपदी चीर-हरण का प्रसंग ध्यान करते हुए कहा कि द्रोपदी का चीरहरण दुष्शासन ने दुर्याेधन के कहने पर किया, इसमें दोनों ने पाप किया, लेकिन पाप के भागीदार वह भी थे, जो खामोश होकर यह पाप देख रहे थे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ एक सहज, सरल और सहृदय व्यक्ति हैं, उन्हें धोखा दिया गया है। मप्र.की सियासत का ऐसा इतिहास लिखा जाएगा, जिसमें एक पन्ना उपचुनाव का होगा और उस पर एक नाम कालीस्याही से महाराज का और स्वर्ण स्याही से कमलनाथ लिखा जाएगा।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह मामा नहीं मामू हैं और वह झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कैसा लोकतंत्र है, जहां मवेशी की तरह विधायक बेचने का काम हो रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी ने कहा कि मैं दो बार कम अंतर से चुनाव हार चुका हूं, लेकिन हारने के बाद भी आपके सुख-दुख में आगे रहा हूं। 

Share:

Next Post

तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 136 अंक लुढ़का

Fri Oct 30 , 2020
मुम्बई। कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 135.78 अंक या 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 39614.07 के स्‍तर […]