img-fluid

बाप रे बाप! दिल्ली में होटल के एक कमरे का किराया ₹14 लाख, BRICS समिट ने बढ़ाई होटलों की डिमांड

September 06, 2026

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 2026 के 18वें BRICS Summit का असर होटल कारोबार (Hotel business) पर साफ दिखाई देने लगा है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, राजनयिकों (Foreign heads of state, diplomats) और हाई-प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडलों के दिल्ली पहुंचने की संभावना के बीच पांच सितारा होटलों की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है। इसका सीधा असर कमरों के किराए पर पड़ा है और कुछ लग्जरी सुइट्स का एक रात का किराया 14 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

ट्रैवल प्लेटफॉर्म Ixigo के मुताबिक, दिल्ली के पांच सितारा होटलों को लेकर सर्च में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं कई होटलों में कमरे के किराए में सप्ताह-दर-सप्ताह 100 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है। खासकर 12 और 13 सितंबर के आसपास होटल कमरों की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी है।

सामान्य कमरे से प्रेसिडेंशियल सुइट तक बढ़े दाम

BRICS समिट के दौरान दिल्ली में होटल कमरों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। कुछ होटल इन तारीखों के लिए पूरी तरह बुक हो चुके हैं। जिन होटलों में कमरे उपलब्ध हैं, वहां एक रात का किराया करीब 1 लाख रुपये से शुरू होकर 2.4 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

वहीं राजधानी के प्रमुख पांच सितारा होटलों में प्रेसिडेंशियल और सुपर-लग्जरी सुइट्स के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ सुइट्स का एक रात का किराया 14 लाख रुपये तक जा पहुंचा है।

लुटियंस दिल्ली और एरोसिटी के कई प्रमुख होटल लगभग पूरी तरह पैक हो चुके हैं।


  • सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही रिजर्व कराए कमरे

    BRICS सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों और विदेश मंत्रालय ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कई होटलों में बड़ी संख्या में कमरे पहले ही रिजर्व कर लिए हैं।

    इससे सामान्य ग्राहकों के लिए कमरों की उपलब्धता और कम हो गई है। सीमित कमरे बचे होने के कारण एग्जीक्यूटिव और डीलक्स कैटेगरी के कमरों के किराए में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।

    सम्मेलन के दौरान VVIP प्रोटोकॉल और कड़े सुरक्षा इंतजामों के कारण आम पर्यटकों के लिए दिल्ली के कई टॉप होटलों में कमरा हासिल करना मुश्किल हो गया है। इसका असर दिल्ली से बाहर NCR और गुरुग्राम के प्रीमियम होटलों पर भी दिखाई दे रहा है।

    पिछले साल के मुकाबले 25% बढ़ी होटल बुकिंग

    BRICS समिट का असर केवल कमरों के किराए पर ही नहीं, बल्कि बुकिंग की संख्या पर भी पड़ा है। Cleartrip के PeekABoo Trends Tracker के मुताबिक, समिट वाले वीकेंड के आसपास दिल्ली में होटल बुकिंग पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 25 फीसदी बढ़ी है।

    यह बढ़ोतरी सम्मेलन के कारण राजधानी में विदेशी प्रतिनिधियों, अधिकारियों और दूसरे यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को दर्शाती है।

    ताज होटल में ₹1.5 लाख से बढ़कर ₹14 लाख हुआ किराया

    दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के होटल ताज में जिस कमरे का किराया आम दिनों में करीब 1.5 लाख रुपये तक रहता था, वह BRICS समिट के दौरान बढ़कर 14 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

    हालांकि, राजधानी के ज्यादातर पांच सितारा होटलों में अब बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है।

    विदेशी डेलिगेशन की मेजबानी के लिए तैयार होटल

    दिल्ली के प्रमुख होटल BRICS सम्मेलन के लिए विशेष तैयारियां कर रहे हैं। The LaLiT New Delhi में कई देशों के प्रतिनिधिमंडलों और प्रतिनिधियों के ठहरने की उम्मीद है।

    द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, होटल के जनरल मैनेजर विशाल शर्मा ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी और UAE समेत कई देशों के डेलिगेशन और प्रतिनिधियों के होटल में रुकने की संभावना है।

    उन्होंने बताया कि BRICS की वजह से होटल में कमरों की मांग में असाधारण वृद्धि हुई है। मांग बढ़ने के चलते कमरे सामान्य टैरिफ की तुलना में करीब 30 फीसदी अधिक दरों पर उपलब्ध हैं।

    समिट ने होटल कारोबार को दिया बड़ा बूस्ट

    BRICS Summit ने दिल्ली के होटल कारोबार को अचानक बड़ा बढ़ावा दिया है। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, अधिकारियों और दूसरे यात्रियों की बढ़ती आवाजाही से बुकिंग में उछाल आया है, जबकि कमरों की सीमित उपलब्धता ने कीमतों को तेजी से ऊपर पहुंचा दिया है।

    यही वजह है कि दिल्ली में जहां आम दिनों में एक लग्जरी होटल का कमरा कुछ लाख रुपये तक में मिल जाता है, वहीं BRICS समिट के दौरान चुनिंदा सुइट्स के लिए एक रात के 14 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

    Share:

  • दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल की कमान, यूपी में 2027 चुनाव से पहले बीजेपी ने लिया बड़ा फैसला

    Sun Sep 6 , 2026
    नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेश शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह (Andaman and Nicobar Islands) का नया उपराज्यपाल नियुक्त (Appointed Lieutenant Governor) किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात जारी आदेश के मुताबिक, उनकी नियुक्ति उस दिन […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved