बड़ी खबर

रांची में हरियाणा जैसी वारदात, तस्करों ने महिला दारोगा को रौंद कर मार डाला


रांची । हरियाणा (Haryana) में डीएसपी को कुचलकर मार डालने की घटना के बाद (After the incident of Crushing the DSP) अब रांची (Ranchi) के तुपुदाना में (In Tupudana) पशु तस्करों (Animal Smugglers) की गाड़ी ने महिला दारोगा (Lady Inspector) संध्या टोपनो (Sandhya Topno) को रौंद कर मार डाला (Trampled to Death) ।


वारदात बुधवार तड़के तीन बजे की है। इसे लेकर जहां पुलिस महकमे में हड़कंप है, वहीं विपक्ष ने विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। झारखंड पुलिस की 2018 बैच की दारोगा संध्या पुलिस टीम के साथ गाड़ियों की चेकिंग के लिए रांची-खूंटी रोड पर हुलहुंडू के पास तैनात थीं। पशुओं से लदी एक बोलेरो पिकअप वैन को उन्होंने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने दुस्साहसिक तरीके से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए महिला दारोगा को रौंद डाला।

रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि महिला दारोगा को कुचलने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैन को भी जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि खूंटी और गुमला जिले की पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों पर पशुओं को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसे लेकर रांची पुलिस को भी अलर्ट किया था। इसी सूचना पर दारोगा संध्या टोपनो ने अपनी टीम के साथ हुलहुंडू के पास देर रात से चेकिंग लगायी थी।

संध्या टोपनो रांची के तुपुदाना थाने में प्रभारी के तौर पर पदस्थापित थीं। उनके परिवार में मां, एक भाई और एक बहन है। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह इसी थाना क्षेत्र के सिंहमोड़ इलाके में मां के साथ रहती थीं। उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सहकर्मी भी गमजदा हैं।
बता दें कि राज्य में गोवंशीय पशुओं की तस्करी में कई गिरोह एक साथ सक्रिय हैं। पूर्व में पुलिस की जांच में भी यह बात सामने आयी है कि राज्य से पशुओं की तस्करी कर बांग्लादेश तक ले जाया जाता है। इन्हें पुलिस-प्रशासन और राजनीतिक तौर पर संरक्षण दिये जाने के आरोप भी लगते रहे हैं।

इधर राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने इस वारदात को लेकर राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने वीडियो जारी करते कहा कि गौ तस्करी का कारोबार इस सरकार में लगातार बढ़ा है। तस्करों को राज्य सरकार का भी समर्थन प्राप्त है। यह घटना बताती है कि राज्य जंगल राज की ओर है। उन्होंने राज्य सरकार से गो तस्करी पर रोक के लिए अविलंब सख्त कदम उठाने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी दारोगा संध्या की हत्या पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों की हिम्मत अपने चरम पर है और सरकार बेफिक्र है। राज्य की राजधानी में तस्करों द्वारा दारोगा को कुचल देने की घटना यही बताती है कि प्रतिबंधों के बावजूद गौ तस्करों का बड़ा गिरोह सक्रिय है। जब राज्य में पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी की सुरक्षा की क्या गारंटी है? राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि तस्करों के आगे सरकार बेबस दिख रही  है। इस वारदात को अंजाम देने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए उन्हें सजा दिलायी जाये।

Share:

Next Post

दिल्ली में 6.5 किलो ड्रग्स के साथ 4 महिला तस्कर गिरफ्तार

Wed Jul 20 , 2022
नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एंटी-नारकोटिक्स सेल (Anti-Narcotics Cell) ने चार महिला ड्रग तस्करों (4 Women Drugs Smugglers) को 6.5 किलोग्राम ड्रग्स के साथ (With 6.5 kg of Drugs) गिरफ्तार किया (Arrested) । एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान नीलम (35), सुनीता (35), नीता (34) और सावित्री […]