
आलीराजपुर। मुख्यमंत्री नशा मुक्ति अभियान के तहत आलीराजपुर पुलिस ने थाना आंबुआ क्षेत्र में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने दबिश देकर दो अलग-अलग खेतों से करीब 2040 गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 20 क्विंटल 79 किलोग्राम है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को अपनी अभिरक्षा में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़े प्रकरण दर्ज कर लिए हैं।
चार थानों की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने और आमजन को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण, परिवहन और बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। आंबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांजे की अवैध खेती किए जाने की पुख्ता सूचना मिलने पर चार थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की।
अलग-अलग खेतों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई के दौरान एक खेत से गांजे के 1110 पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 1530 किलोग्राम था। इस मामले में छोटा इटारा निवासी मुकाम चौहान (44), पिता रत्निया चौहान को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 299/26 दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में दूसरे खेत से 930 पौधे मिले, जिनका वजन 549 किलोग्राम बताया गया है। इस दूसरे मामले में छोटा इटारा निवासी जगन (50), पिता गुलसिंह को अभिरक्षा में लिया गया है, जिसके खिलाफ अपराध क्रमांक 300/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का रहा विशेष मार्गदर्शन
यह पूरी सफल कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल और जोबट एसडीओपी आशुतोष पटेल के कुशल पर्यवेक्षण में पूरी की गई। इस पूरी रेड में आंबुआ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन डावर, जोबट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, उदयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे के अलावा आजादनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ इस प्रकार का सर्च ऑपरेशन और सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved