बड़ी खबर

अंतरिक्ष में भारत का कार्टोसैट और रूस का सैटलाइट आए करीब, मात्र 224 मीटर का है फासला


बेंगलुरु। स्पेस में भारत का रिमोट सेंसिंग सैटलाइट कार्टोसैट-2एफ बेहद खतरनाक तरीके से रूस के एक सैटलाइट के काफी करीब पहुंच गया है। दोनों ही उपग्रहों में भिड़ंत न हो, इसके लिए देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां अपने-अपने सैटलाइट की निगरानी कर रही हैं। रूस ने कहा है कि दोनों ही सैटलाइट के बीच दूरी केवल 224 मीटर है। उधर, इसरो ने इस दूरी को 420 मीटर बताया है।

रूस की स्पेस एजेंसी रास्कोमोस ने अपने सहयोगी संस्थान Tsniimash से मिले इनपुट के आधार पर शुक्रवार को बताया कि 700 किग्रा वजनी कार्टोसैट 2एफ सैटलाइट 27 नवंबर 2020 को 01:49 UTC पर खतरनाक तरीके से रूस के कानोपस-V स्पेस्क्राफ्ट के करीब आ गया। रोस्कोस्मोस ने बताया, ‘Tsniimash की गणना के अनुसार रूस और विदेशी सैटलाइट के बीच की न्यूनतम दूरी 224 मीटर थी।

दोनों स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी की रिमोट सेंसिंग के लिए डिजाइन किए गए हैं। हालांकि इसरो के चेयरमैन के सिवन ने बताया कि हम चार दिनों से सैटलाइट पर नजर रख रहे थे और यह रूसी सैटलाइट से करीब 420 मीटर की दूरी पर था। ऐसे समय में कोई ऐक्शन तभी किया जाता है जब यह करीब 150 मीटर की दूरी पर आ जाए। सिवन ने आगे यह भी कहा कि जब उपग्रह पृथ्वी की समान कक्षाओं में होते हैं, तो ये चीजें असामान्य नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में परंपरा यह है कि दो एजेंसियों आपस में संवाद करती हैं और आगे का फैसला करती हैं। उन्होंने आगे बताया कि हाल ही में ऐसी ही स्थिति स्पेन के सैटलाइट के साथ हुई थी और इसका समाधान किया गया। इन चीजों को आमतौर पर सार्वजनिक नहीं किया जाता है। कार्टोसैट-2एफ को 12 जनवरी 2018 को श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया था और यह अब भी ऑपरेशनल है।

Share:

Next Post

सोनकच्छ - भोपाल मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत

Sat Nov 28 , 2020
देवास। कल देर रात भौरांसा थाने के सिकखेड़ी के पास रेत से भरे डम्पर और टेम्पो ट्रेवलर गाड़ी में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। टक्कर में टेम्पो ट्रेलवर में बैठे तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। डम्फर चालक मौके से फरार हो गया।