इंदौर न्यूज़ (Indore News)

बूथ विजय संकल्प अभियान में पिछड़ा इंदौर

अभियान में बचे हैं मात्र 5 दिन, कई वार्डों में शुरुआत ही नहीं

इंदौर। भाजपा लगातार एक के बाद एक अभियान चला रही है। अभी भाजपाइयों को बूथ विजय संकल्प अभियान की जवाबदारी दी गई है, जिसको 10 दिन हो गए हैं, लेकिन शहर के 85 वार्डों में आधे से अधिक वार्डों में अभी तक अभियान शुरू नहीं हो पाया है। कुछ क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर इतिश्री कर ली गई, जबकि यह अभियान शक्ति केन्द्रों को मिलाकर बनाए गए क्लस्टर पर आयोजित किया जाना था।


बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रत्येक शक्ति केन्द्र तक जाकर कार्यकर्ताओं को भाजपा की जीत को लेकर माहौल बनाना चाह रही है। पहले बूथ विस्तारक अभियान 2 और अब बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत ये कार्य किया जा रहा है। 4 मई से यह अभियान शुरू हो चुका है, लेकिन इंदौर में एक तरह से यह अभियान पिछड़ता जा रहा है। अभियान को सुचारू रूप से चलाने की जवाबदारी भाजपा के नगर महामंत्री संदीप दुबे को दी गई है, लेकिन अभी तक क्लस्टर की सूची ही तैयार नहीं हुई है। इंदौर में कुल 340 शक्ति केन्द्र हैं, जहां डेढ़ सौ से अधिक क्लस्टर बनना थे और वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना था, लेकिन निचले स्तर पर कार्यक्रम का स्वरूप ही बदल दिया गया और चंद लोगों के बीच अभियान की औपचारिकता पूरी कर ली। अभियान 15 मई को समाप्त होना है और उसमें मात्र 5 दिन बचे हैं, इसलिए अब पदाधिकारी ताबड़तोड़ कार्यक्रम करवाने पर जोर दे रहे हैं।

ये होना है बूथ विजय संकल्प में

भोपाल प्रदेश संगठन कार्यालय से बूथ विजय संकल्प अभियान को लेकर जो कार्यक्रम भेजा है, उसमें उस क्षेत्र में रहने वाले पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बूथ के पदाधिकारियों की टोली को शामिल करना है। पहला सत्र शुभारंभ सत्र था, जिसमें किसी वरिष्ठ नेता को वहां उद्बोधन देने जाना है। वो बताएगा कि कैसे हमें इस अभियान को संचालित करना है और लोगों को सरकार के बारे में जानकारी देना है। दूसरा सत्र स्थानीय देसी खेल का है, जिसमें सितोलिया, कबड्डी, खो-खो, कुर्सी रेस, रस्साकशी जैसे खेल शामिल कर कार्यकर्ताओं को कोई दो खेल खिलाना हैं और तीसरे सत्र में सभी नेता एकसाथ बैठकर भोजन करेंगे, लेकिन इस फार्मेट का पालन कहीं नहीं हो पा रहा है।

Share:

Next Post

इंदौर को मिली पांचवीं समर स्पेशल ट्रेन, इंदौर-पुणे के बीच चलेगी

Thu May 11 , 2023
महाराष्ट्र आने-जाने वालों को बड़ी राहत, 18 मई से 29 जून तक मिलेगी सुविधा इंदौर। पश्चिम रेलवे ने इंदौर को पांचवीं समर स्पेशल ट्रेन इंदौर-पुणे के रूप में दी है। यह ट्रेन मई-जून में चलाई जाएगी। एक दिन पहले ही रेलवे ने इंदौर से कटरा के बीच सप्ताह में एक दिन, इंदौर से भिवानी के […]