इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर ठिठुरा, दो रातों में 5 डिग्री से ज्यादा गिरा पारा, कश्मीर से आ रहीं बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड

  • 8.2 डिग्री पर पहुंचा पारा… कल रात रही मौसम की दूसरी सबसे सर्द रात

इन्दौर। शहर में ठंड ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए हैं। कल रात पारा गिरकर 8 डिग्री के करीब पहुंच गया। इसके साथ ही बीती रात इस मौसम की दूसरी सबसे सर्द रात बन गई। खास बात यह है कि दो रातों में ही तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों की अपेक्षा 2.4 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 1.8 डिग्री कम था। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं 22 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं, जिसके कारण ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया।

इस मौसम का दूसरा सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार कल रात दर्ज न्यूनतम तापमान 8.2 इस मौसम का दूसरा सबसे कम तापमान था। इससे पहले 3 जनवरी की रात तापमान 7.3 डिग्री पर पहुंचा था, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। तापमान में पिछली दो रातों में ही सबसे ज्यादा गिरावट आई है। गुरुवार रात जहां पारा 13.4 डिग्री पर था, वहीं शुक्रवार रात यह 10 डिग्री पर पहुंचा और कल रात 8.2 डिग्री पर। इस तरह दो रातों में ही तापमान में 5.2 डिग्री की कमी आई है, वहीं दिन के तापमान में भी दो दिनों में 4.1 डिग्री की गिरावट आई है।


दिन हो सकता है कोल्ड डे, रात सबसे सर्द
दिल्ली मौसम विज्ञान विभाग ने इंदौर सहित मध्यप्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में 15 से 17 जनवरी के बीच तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी दी है। इसमें कहा गया है कि तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे जा सकता है। इसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि आज रात तापमान में और गिरावट आएगी और आज रात मौसम की सबसे सर्द रात हो सकती है, वहीं दिन में भी कल की ही तरह तापमान रहने पर इसे कोल्ड डे भी घोषित किया जा सकता है।

उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर इंदौर में
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में कश्मीर सहित अन्य हिस्सों में एक पश्चिमी विक्षोभ के टकराने के बाद से बर्फबारी हो रही है। इंदौर आने वाली हवाएं उत्तर से ही आने के कारण और इनकी गति काफी तेज होने के कारण इंदौर में भी इसका सीधा असर नजर आ रहा है और दिन व रात के तापमान में भारी गिरावट आ रही है। वहीं कल शाम से ही तेज हवाओं के कारण मौसम में कुछ ज्यादा ठंडक घुली हुई है।

Share:

Next Post

क्या पाकिस्तान में फिर से गिर जाएगी सरकार? इमरान खान के दावे के बाद सियासी अटकलें तेज

Sun Jan 15 , 2023
इस्लामाबाद। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बयान के बाद पाकिस्तान में एक बार फिर से सरकार गिरने की अटकलें तेज हो गई हैं। दरअसल, अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान ने कअपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि राष्ट्रपति डॉक्टर आरिफ अल्वी जल्द ही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से विश्वास मत हासिल करने के लिए कहेंगे। हा […]