
इंदौर। इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो ठगों ने एक महिला को नोटों की गड्डियां दिखाकर झांसे में लिया और उसके सोने-चांदी के जेवर लेकर चंपत हो गए। पीड़ित महिला ने जब रुमाल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की जगह कागज और पत्थर निकले। घटना के बाद पुलिस ने किशनपुरा पुल, नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड और राजवाड़ा मार्ग के सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के एमजी रोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ नोटों की गड्डी का लालच देकर महिला से गहने ठग लिए गए। एमजी रोड पुलिस के अनुसार, सांवेर क्षेत्र के ग्राम जेदपुरा निवासी फरियादिया मीरा बाई जाटवा पति मांगीलाल जाटवा के साथ यह घटना दोपहर करीब 12 बजे किशनपुरा पुल पर हुई। मीरा बाई नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड से होते हुए किशनपुरा पुल के पास पहुँची थीं, तभी दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने महिला को उनके जेवरों का ऊंचा दाम मिलने का लालच दिया और नोटों की गड्डियां निकालकर सामने रख दीं। विश्वास में आकर महिला ने अपने कान के सोने के टॉप्स और चांदी की अंगूठी आरोपियों को सौंप दी। बदले में ठगों ने रुमाल में नोटों की गड्डी रखकर महिला को थमाई और तेजी से वहाँ से खिसक गए। कुछ देर बाद महिला ने जब रुमाल खोला तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि भीतर रुपयों के बजाय कागज और पत्थर रखे थे। पुलिस का कहना है कि किशनपुरा पुल, नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड और राजवाड़ा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं तथा हुलिए के आधार पर आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved