
28 सितंबर तक शहर के हर हिस्से में पहुंचेंगी संस्थाएं
इन्दौर। शहर (Indore) में 6 जुलाई (July 6) से बड़े स्तर पर पशुप्रेमी (animal lover) संस्थाएं रैबीज (Rabies) एक्शन वीक मनाकर एंटी-रैबीज टीकाकरण अभियान चलाएंगी। इसके लिए संस्थाओं ने गली-मोहल्लों से जानकारी मंगवाना शुरू कर दी है।
विश्व में हर साल लाखों पशुओं का एंटी-रैबीज टीकाकरण कर रैबीज उन्मूलन की दिशा में कार्यरत मिशन रैबीज और वल्र्डवाइड वेटरनरी सर्विस (डब्ल्यूवीएस) के सहयोग से ये अभियान नीडीटेल फाउंडेशन और पीपुल फॉर एनिमल्स इंदौर द्वारा चलाया जाएगा। इसे संस्थाओं ने ‘रैबीज एक्शन वीक-2026’ नाम दिया है। 6 जुलाई से इस अभियान की शुरुआत होगी, जो लगातार 28 सितंबर तक चलाया जाएगा। ये पूरी तरह से नि:शुल्क होगा। दोनों संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शहर के अधिक से अधिक सामुदायिक और पालतू श्वानों का एंटी-रैबीज टीकाकरण कर रैबीज जैसी जानलेवा, लेकिन पूर्णत: रोकथाम योग्य बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार श्वानों का बड़े स्तर पर नियमित टीकाकरण ही मनुष्यों में रैबीज से होने वाली मौतों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। दोनों संस्थाएं आम नागरिकों पशुप्रेमियों, डॉग फीडर्स, रहवासी संघों, कॉलोनियों और सामाजिक संगठनों से अपने क्षेत्र के सामुदायिक एवं पालतू श्वानों की टीकाकरण के लिए जानकारी मंगवा रही हैं। मिली जानकारी पर संस्थाओं की टीम पहुंचकर टीके लगाएगी। इस टीकाकरण शिविर के लिए संबंधित को अपना नाम, मोबाइल नंबर, क्षेत्र का नाम और टीकाकरण हेतु अनुमानित श्वानों की संख्या भेजनी होगी।