
इंदौर। प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत नगर निगम (Municipal council) ने एक बैडरुम के छोटे फ्लेट (Flat) भी निम्र आय वर्ग परिवारों के लिए निर्मित करवाए हैं। मात्र 9 लाख रुपए में ये फ्लेट दिए जा रहे हैं, जिसकी ऑनलाइन बुकिंग (Online Booking) आज 11 बजे से निगम के मोबाइल एप 311 के माध्यम से शुरू की जा रही है। महापौर और निगमायुक्त ने अपने पक्के घर का सपना साकार करने की अपील करते हुए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अपील की है। दूसरी तरफ निगम ने उन बकायादारों की सूची भी पिछले दिनों जारी की जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लेटों की बुकिंग तो करवाई मगर राशि जमा नहीं की, उनके आबंटन भी निरस्त किए जाएंगे।
प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा नागरिकों को स्वयं के पक्के घर का सपना साकार करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत मंदार परिसर, नीलगिरी परिसर एवं नेमावर रोड स्थित 1 बीएचके फ्लैट्स मात्र 9 लाख रुपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देशभर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने पक्के घर का सपना पूरा किया है। इसी क्रम में इंदौर नगर निगम द्वारा भी पात्र नागरिकों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की जा रही है। इच्छुक नागरिक 25 सितम्बर 2026 को सुबह 11 बजे से अपने घर बैठे इंदौर 311 एप के माध्यम से फ्लैट की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। फ्लैट की बुकिंग के लिए 11,000 की राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। बुकिंग के पश्चात तीन दिवस के भीतर शेष 10 प्रतिशत राशि एवं आवश्यक दस्तावेज प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा, ताकि बुकिंग की प्रक्रिया को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराकर कन्फर्म किया जा सके। आवेदक को निम्न दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे – आधार कार्ड, पैन कार्ड, समग्र आई.डी., बैंक पासबुक अथवा कैंसिल चेक, शपथ पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो शामिल है। वहीं नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उपलब्ध इन आवासों का लाभ लेने के इच्छुक पात्र नागरिक निर्धारित समय पर इंदौर 311 एप के माध्यम से ही आवेदन एवं बुकिंग करें। यह भी उल्लेखनीय है कि नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत भी निम्र, सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए नई बहुमंजिला बिल्डिंगें भी बना रहा है। इसके लिए प्रशासन से सरकारी जमीनों का आबंटन भी करवाया जा रहा है। सनावदिया, बढिय़ा कीमा और उमरीखेड़ा में इन प्रोजेक्टों के लिए निगम ने 5 डीपीआर शासन को भेजी है, जिसमें एक बैडरूम के 6048 फ्लेट निर्मित किए जाएंगे, तो बैडरूम के 1368 और 3 बैडरूम के 720 फ्लेटों का निर्माण होना है। इनमें से ताप्ती परिसर, ट्रेजर फेंटेसी और बढिया की दो डीपीआर शासन ने मंजूर भी कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved