
नेहरू नगर में देर रात फ्लैट में आग, भगदड़
इंदौर। शहर (Indore) में जैसे-जैसे तापमान (Temperature) बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे आग (Fire) लगने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कल रात से आज सुबह तक आठ जगह आग लगने की घटनाएं हुईं। स्कीम 78 में पूजन सामग्री (Worship Materials) की दुकान एवं बाणगंगा में सुबह बैटरी की दुकान में आग लगी। मिली जानकारी के अनुसार कल रात 2 बजे के करीब स्कीम 78 पानी टंकी के पास स्थित शिवानी पिता सुरेंद्र पाठक की सांईनाथ फूल भंडार नामक पूजन सामग्री की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि दुकान के पास ही विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ था। आग की चिंगारी दुकान पर गिरी, जिसने आग पकड़ ली। इस घटना में दुकान जलकर खाक हो गई।
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब 4.30 हजार लीटर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। क्षेत्रीय रहवासियों ने भी आग बुझाने में मदद की। इसी प्रकार देर रात नेहरू नगर स्थित अमृतधाम गेट के पास एक फ्लैट में आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मी पहुंचे। हालांकि आग नीचे कचरे के ढेर में लगी थी, लेकिन धुआं फ्लैट तक पहुंच गया था। घटना के वक्त फ्लैट में एक महिला और उसका बच्चा सो रहे थे। शोर-शराबे की आवाज सुनक वे जाग गए थे और सुरक्षित नीचे आ गए थे। कुछ देर के लिए यहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
धमाके के साथ फटी बैटरियां
आज सुबह 4 बजे बाणगंगा क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में एक बैटरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखी कुछ बैटरियां धमाके से फट गईं। इस घटना में बैटरी के अलावा लैपटॉप, चार्जर, मशीन जली है। रंजन पिता रमाशंकर की यह दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फायरकर्मियों ने मौके पर जाकर 15000 लीटर पानी तथा 5 लीटर फोम का उपयोग कर आग पर नियंत्रण पाया। बंगाली चौराहे पर रात 3 बजे एक दुकान में आग लगने की घटना हुई। मौके पर कोई नहीं मिला, जिससे आकलन नहीं हो पाया कि दुकान किसकी है। सुबह-सुबह 60 फीट रोड पल्हर नगर में एक पंक्चर पकाने की दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सामान व पुराने टायर जल गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved