
न्याय नगर चौराहा का भी होगा विकास
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) जहां मास्टर प्लान (master plan) की 23 सड़कों (23 roads) का निर्माण कर रहा है, साथ ही प्रमुख और यातायात (Transportation) के दबाव वाले क्षेत्रों में लेफ्ट टर्न भी बना रहा है। अभी पिछले दिनों ही इंडस्ट्री हाउस, एबी रोड के दूसरी तरफ महिदपुरवाला से निजी जमीन लेकर लेफ्ट टर्न विकसित किया गया। उसी तरह अब पुराने एमजी रोड थाने को तोड़कर लेफ्ट टर्न बनाया जाएगा, तो न्याय नगर चौराहा के लेफ्ट टर्न पर भी विकास कार्य होंगे।
निगम के यातायात विभाग ने एमजी रोड थाने को तोड़कर बनाए जाने वाले लेफ्ट टर्न और वहां के अन्य विकास कार्यों के लिए लगभग 57 लाख रुपए का टेंडर बुलाया है, तो इसी तरह न्याय नगर चौराहा के लेफ्ट टर्न को विकसित करने के लिए 39.64 लाख रुपए के टेंडर जारी किए हैं। इन दोनों कार्यों पर 96 लाख रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी। इसी तरह अभी पिछले दिनों एबी रोड पर भी लेफ्ट टर्नको चौड़ा किया गया, तो हाई कोर्ट तिराहा पर भी लेफ्ट टर्न के लिए निजी जमीन मिल गई है। वर्ल्डकप चौराहा पिपलियाहाना में भी बाउण्ड्रीवॉल हटाकर लेफ्ट टर्न चौड़ा किया जा रहा है, तो सत्यसांई चौराहा के साथ-साथ इन्द्रप्रस्थ चौराहा, हरसिद्धि, तीन ईमली के लेफ्ट टर्न भी चौड़े किए जाएंगे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यातायात विभाग को निर्देश दिए कि ये सभी प्रमुख चौराहों के लेफ्ट टर्न के काम जल्द पूरे किए जाएं, ताकि इससे यातायात सुगम हो सके। अभी कई चौराहों पर फ्लायओवर, मेट्रो सहित अन्य निर्माण चल रहे हैं, उसके कारण भी जाम लगता है और उन चौराहों पर लेफ्ट टर्न बनने के बाद कुछ राहत मिलेगी। इसी तरह चंद्रगुप्त चौराहा को भी संवारा जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved