
इंदौर। इंदौर में शादी समारोह के दौरान चोरों का कारनामा सामने आया है। जिसमें भंवरकुआं थाना क्षेत्र के मल्हार गार्डन के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर अज्ञात बदमाश नकदी के साथ-साथ एक लाइसेंसी पिस्टल भी चोरी कर ले गए।
दरअसल यह पूरा मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र के मल्हार गार्डन का है, जहां रायसेन जिले के छोटा बरेली निवासी केशव सोनी शादी समारोह में शामिल होने आए थे। उन्होंने अपनी कार गार्डन के बाहर पार्क की थी। कार्यक्रम खत्म कर जब वे वापस लौटे, तो कार का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर रखा ब्राउन रंग का बैग गायब था। बैग में उनकी लाइसेंसी पिस्टल, उसका लाइसेंस और कुछ नकदी रखी हुई थी, जिसे अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, चोरी गई पिस्टल को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, क्योंकि किसी गलत व्यक्ति के हाथ में हथियार लगना शहर की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved