
हत्या को लेकर दो बातें आ रहीं सामने, पुलिस बोली- अपराधी की पार्टी में हमला, परिजन के अनुसार चौराहे पर हुआ हमला
इंदौर। हीरानगर (Hiranagar) इलाके में रात को एक युवक (Youth) की हत्या हो गई। हत्या को लेकर दो बातें सामने आ रही हैं। जिस युवक की हत्या हुई उसके परिजन और दोस्त बता रहे हैं कि वह खाना खाने के बाद चौराहे पर पाउच (Gutkha) लेने के लिए गया और वहां दो पक्षों के बीच चल रहे झगड़े में बीचबचाव करने पहुंचा, जिसमें उस पर हमला कर दिया गया। उधर, पुलिस बता रही है कि जेल से छूटकर आए युवक की शराब पार्टी में हुए विवाद में बीचबचाव करने गए मनीष पर हमला हुआ।
हीरानगर पुलिस ने बताया कि 22 साल के मनीष पिता कालू के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। वह डेकोरेशन का काम करता था। उसके दोस्तों का कहना है कि कल वह काम से लौटा और फिर हीरानगर चौराहे पर पाउच लेने के लिए गया। यहां कृष्णा परिहार तथा मयूर यादव और उनके साथियों का किसी अन्य से विवाद चल रहा था। मनीष बीचबचाव करने के लिए रुका तो कृष्णा और अन्य ने उसके पैर पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले के दौरान मनीष के पैर की नस में चाकू लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसे दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, पुलिस का कहना है कि मनीष, कृष्णा, मयूर, ऋषभ पंवार और अन्य ऋषभ के घर शराब पी रहे थे। ऋषभ किसी मामले में जेल से छूटकर आया था और उसने इसी उपलक्ष्य में घर पर शराब पार्टी रखी थी। इस दौरान कृष्णा और उसके साथियों का ऋषभ से झगड़ा हो गया। मनीष ने बीचबचाव किया तो उस पर हमला कर दिया। कृष्णा और मयूर के पुराने आपराधिक मामले भी थाने में दर्ज हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिता की हो चुकी है मौत, मां और बड़े भाई के साथ रहता था
मनीष के बारे में बताया जा रहा है कि उसकी आर्थिक स्थिति खराब थी। वह कच्चे घर में रहता था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। बड़ा भाई मजदूरी करता है। दोनों भाई मिलकर घर चलाते थे। कृष्णा के दोस्त बता रहे हैं कि वह शराब नहीं पीता था, न किसी दोस्त की पार्टी में गया था। वह तो केवल चौराहे पर पाउच लेने के लिए गया था।
एक माह में हीरानगर में दो हत्या
इस माह में हीरानगर इलाके में इस तरह की हत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले गौरीनगर चौराहे के पास सुरेंद्र साहू की भी हत्या कर दी गई थी। सुरेंद्र बच्चों के साथ बाइक से जा रहा था, तब गाड़ी को लेकर हुए विवाद में उस पर बदमाशों ने हमला कर दिया था। इसमें विवेक सहित अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुछ आरोपी नाबालिग भी थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved