
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बताया कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों के इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य (जेईई मेन) की तीसरे चरण की परीक्षाएं 20 जुलाई से 25 जुलाई तक होंगी। वहीं चौथे चरण की परीक्षाएं 27 जुलाई से 2 अगस्त तक होंगी।
निशंक ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कोरोना के कारण परीक्षाओं के लिए आवेदन नहीं कर सके छात्रों को एक आवेदन का एक और मौका देने का निर्णय किया है। इसके लिए एनटीए ने तीन दिन अर्थात 6 जुलाई से लेकर 8 जुलाई तक का समय निर्धारित किया है। इसी प्रकार चौथे चरण के लिए भी 9 से 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान छात्र अपना परीक्षा केंद्र भी बदल सकेंगे।
एनटीए ने इस साल जेईई मेन चार चरणों में आयोजित करने की घोषणा की थी। इसमें दो चरण फरवरी और मार्च में संपन्न हो चुके हैं जबकि तीसरा और चौथा चरण अप्रैल व मई में प्रस्तावित था। कोरोना के कारण ये परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved