उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

कालिदास समारोह का शुभारंभ हुआ..राज्यपाल आज सुबह उज्जैन से गए

  • सात दिनों तक कालिदास पर आधारित नाटक सहित नृत्य के कार्यक्रम होंगे

उज्जैन। कालिदास की नगरी उज्जैन में कल शाम कालिदास समारोह का विधिवत उद्घाटन हुआ। जिसे राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कालिदास हमारी परंपरा के गौरव हैं।
कल देवप्रबोधिनी एकादशी से कालिदास अकादमी में कालिदास समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल शामिल हुए और उन्होंने समारोह का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि तुलसी पीठाधीश्वर पद्म विभूषण जगदगुरू स्वामी रामभद्राचार्यजी महाराज थे। अध्यक्षता मध्य प्रदेश शासन की संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने की। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक महिदपुर बहादुरसिंह चौहान बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। शुक्रवार को कालिदास संस्कृत अकादमी के पं.सूर्यनारायण व्यास संकुल सभागृह में विक्रम विश्वविद्यालय और कालिदास संस्कृत अकादमी मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कालिदास समारोह का शुभारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती गान और इसके पश्चात मध्य प्रदेश गान का गायन किया गया। संस्कृति मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा शाल और श्रीफल भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा पुस्तक दुर्वा और मेघदूत का भोजपुरी अनुवाद, कालिदास राष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी के ब्रोशर का विमोचन किया गया। कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक और संचालक संस्कृति संचालनालय भोपाल अदिति कुमार त्रिपाठी ने स्वागत भाषण दिया। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा पद्मभूषण बुधादित्य मुखर्जी (सितार वादन), पद्मश्री डॉ.पुरू दाधिच (कथक नृत्य), वासुदेव कामथ (चित्रकला) और रंगकर्मी एवं प्रसिद्ध अभिनेता राजीव वर्मा को शासन के प्रतिष्ठित अलंकरण ‘राष्ट्रीय कालिदास सम्मानÓ से विभूषित किया गया। जानकारी दी गई कि पहली बार ये चारों सम्मान कालिदास समारोह में दिये जा रहे हैं। उपरोक्त सभी कलाकारों ने मध्य प्रदेश शासन के प्रति सम्मानित किये जाने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि स्वामी रामभद्रांचार्यजी महाराज ने संस्कृत में आशीर्वचन दिया। संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाकवि कालिदास के सम्पूर्ण जीवन का वर्णन हमारे द्वारा समय-समय पर सुना और पढ़ा जाता रहा है।



साहित्य, कला, संस्कृति और संस्कार मानव जीवन को परिपूर्ण करते हैं। इन विधाओं के सम्पूर्ण विकास के लिये संस्कृति विभाग द्वारा निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। मंत्री सुश्री ठाकुर ने कहा कि उन्होंने महू विधानसभा में 234 स्कूलों का नाम देश के महान क्रान्तिकारियों के नाम पर रखा है। आने वाली पीढ़ी क्रान्तिकारियों के जीवन परिचय से भलीभांति परिचित हो, यह हम सबका प्रयास होना चाहिये। सभी लोग अपने घरों में देश के महान क्रान्तिकारियों के चित्र अवश्य लगाए। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आज अखिल भारतीय कालिदास समारोह कार्यक्रम में सभी के बीच में वे प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। महाकवि कालिदास की कृतियां और शास्त्रीय संगीत हम सभी को समय-समय पर आनन्दित करता रहा है। संगीत से मन प्रफुल्लित होता है। आज जिन कलाकारों को राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से विभूषित किया गया है, उन्होंने समय-समय पर लोगों का अपनी कला और संस्कृति के माध्यम से मनोरंजन किया है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों श्री महाकाल लोक का प्रसारण पूरी दुनिया के 24 देशों में देखा गया। हम सब अपने जीवन में भारत माता के प्रति हृदय से भक्ति और गौरवशाली इतिहास को उतारें और महापुरूषों के आदर्श पर चलें। हमारा साहित्य और कला सदैव हमें प्रेरणा देता रहे। संचालन प्रो.शैलेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अखिलेश कुमार पाण्डेय ने किया। राज्यपाल ने अखिल भारतीय कालिदास समारोह के शुभारम्भ के पूर्व सर्वप्रथम कालिदास अकादमी परिसर में स्थित कवि कुलगुरू कालिदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने रघुवंशम में लगी प्रदर्शनी का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर विजिटर्स बुक में लिखा कि अखिल भारतीय कालिदास समारोह में आकर मुझे प्रसन्नता हुई है। संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु किये जा रहे इस प्रयास की मैं सराहना करता हूं। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, विधायक बहादुरसिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, बहादुरसिंह बोरमुंडला, रूप पमनानी, संभागायुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, कुलपति अखिलेश कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

Share:

Next Post

मनीष सिसोदिया के PA को ED ने किया अरेस्ट, डिप्टी CM ने खुद किया दावा

Sat Nov 5 , 2022
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति में कथित घोटाले को लेकर ईडी ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पीए के घर छापेमार कार्रवाई की है. ईडी ने सिसोदिया के पीए को गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी खुद डिप्टी मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर दी है. सिसोदिया ने भारतीय जनता […]