बड़ी खबर

लिज ट्रस बनीं ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री, भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हराया

लंदन। लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। उन्होंने कड़े मुकाबले में भारतीय मूल के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को मात दी है। पहले पांच राउंड के मुकाबले में ऋषि सुनक को भारी बढ़त हासिल थी, लेकिन कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों की अंतिम वोटिंग के दौरान लिज ट्रस ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने खुलकर लिज ट्रस का समर्थन किया था। उन्होंने पार्टी के सदस्यों और सांसदों से लिज ट्रस के लिए वोट भी मांगे थे। बोरिस जॉनसन आरोप लगाते रहे हैं कि ऋषि सुनक के इस्तीफे के कारण ही उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी गंवानी पड़ी थी। अब 7 सितंबर को लिज ट्रस बतौर प्रधानमंत्री ब्रिटिश संसद में उपस्थित होंगी।

लिज ट्रस के सामने कई चुनौतियां
लिज ट्रस ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बन कांटों भरा ताज पहना है। उनके सामने कई चुनौतियां हैं। इनमें सबसे बड़ी चुनौती देश में बढ़ती महंगाई, ऊर्जा संकट और बेरोजगारी को दूर करना है। लोग पहले से ही काफी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। अभी तक के चुनावी अभियान में लिज ट्रस ने ऐसी कोई भी विशेष घोषणा नहीं की है, जिससे ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को संभालने में मदद मिले। ऐसे में उनके प्रधानमंत्री पद पर बैठते ही आर्थिक मोर्चे पर सबसे बड़ी समस्या का हल ढूंढना होगा।


कंजरवेटिव पार्टी को एकजुट करना भी चुनौती
लिज ट्रस के सामने दो धड़े में बंट चुकी अपनी कंजरवेटिव पार्टी को भी एक करने की चुनौती है। पार्टी के सांसद ऋषि सुनक के पक्ष में हैं। जबकि, सदस्य ब्रिटिश राष्ट्रवाद के मुद्दे पर लिज ट्रस का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में दोनों के बीच तालमेल बनाकर सरकार को चलाना लिज ट्रस के लिए आसान नहीं होने वाला है। हालांकि, ऋषि सुनक ने एक दिन पहले ही कहा है कि वह नई सरकार का हर मोर्चे पर समर्थन करेंगे। पर, पार्टी के दोनों धड़ों के बीच खाई काफी ज्यादा बढ़ चुकी है।

बोरिस जॉनसन मंगलवार को करेंगे सत्ता हस्तांतरण
ब्रिटिश प्रधानमंत्री चुनाव के परिणाम का ऐलान होने से पहले ही बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच चुके थे। उन्होंने थेरेसा मे की जगह ब्रिटिश प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली थी। बोरिस जॉनसन ने बतौर प्रधानमंत्री 1139 दिन सत्ता संभाली है। जॉनसन कल मंगलवार को कंजरवेटिव पार्टी के नए नेता के साथ सत्ता के आधिकारिक हस्तांतरण के लिए महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से मिलने बाल्मोरल जाएंगे।

Share:

Next Post

Hyundai Casper जल्द भारत में होगी लॉन्च, टाटा पंच से होगा मुकाबला; देखें फीचर्स

Mon Sep 5 , 2022
नई दिल्ली। ह्यूंदै मोटर्स इंडिया आने वाले समय में माइक्रो एसयूवी सेगमेंट में एक नई कार कैस्पर लॉन्च कर सकती है, जिसका मुकाबला टाटा पंच और सिट्रोएन सी3 के साथ ही मारुति इग्निस से होगा। पिछले साल ग्लोबल मार्केट में ह्यूंदै कैस्पर को पेश किया गया था और अब आने वाले समय में इसे भारत […]