उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

महाकाल कारिडोर लोकार्पण : 11 अक्टूबर को उज्जैन आएँगे प्रधानमंत्री मोदी

  • पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा यह लोकार्पण कार्यक्रम काशी विश्वनाथ कारिडोर से भी विस्तृत होगा
  • प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश को जोड़ेंगे आयोजन से

उज्जैन। 752 करोड़ रुपए की लागत से दो चरणों में तैयार किए जा रहे महाकाल कारिडोर निर्माण कार्य के पहले चरण के कार्यों का लोकार्पण करने 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे। लोकार्पण का यह कार्यक्रम काशी विश्वनाथ में संपन्न हुए आयोजन से भव्य होगा। इसमें पूरे प्रदेश के साथ-साथ देश के नागरिकों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार देश-विदेश में किया जाएगा। इसमें उज्जैन मीडिया का सहयोग विशेष रहेगा। यह बात कल त्रिवेणी संग्रहालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कही। उन्होंने कहा कि महाकाल विस्तारीकरण योजना के तहत महाकाल कारिडोर का पहले चरण का काम पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से चर्चा के पहले वे महाकाल कारिडोर का निरीक्षण कर आए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि निरीक्षण में उन्होंने कुछ कमियां देखी है और उनके सुधार के लिए तत्काल अधिकारियों को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्जैन आगमन की तारीख की घोषणा करते हुए बताया कि महाकाल कारिडोर के पहले चरण के पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन काशी विश्वनाथ कारिडोर लोकार्पण के आयोजन से भी भव्य करने की मंशा सरकार की है। इसमें मुख्यमंत्री ने उज्जैन के मीडियाकर्मियों से विशेष सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकार्पण कार्यक्रम में न केवल उज्जैन बल्कि पूरे प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों के लोगों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इसका प्रचार-प्रसार देश ही नहीं पूरी दुनिया में हो, यह तैयारी की जा रही है।


प्रधानमंत्री से पहले दो-तीन बार आउंगा..कल मुख्यमंत्री मीडिया को नहीं दे पाए समय
मुख्यमंत्री कल 10 मिनट ही मीडिया के बीच रूक पाए और उनका कहना था मेरा पहले से ही कार्यक्रम हैं। सुबह श्री सिटी प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेन्द्र कुल्मी ने कलेक्टर से चर्चा कर यह कार्यक्रम जुड़वाया था। मुख्यमंत्री ने कहा अगली बार इत्मिनान से सारे सवालों का जवाब दूंगा। पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया महाकाल कारिडोर का लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं और आयोजन को भव्य स्तर पर करने की आपकी मंशा है। आज भी आपने पूर्ण हो चुके महाकाल कारिडोर कार्यों का अवलोकन किया है। ऐसे में क्या प्रधानमंत्री के आगमन से पहले और उज्जैन आएंगे। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि क्यों नहीं..एक नहीं दो-तीन बार आउंगा। उन्हें महाकाल मंदिर क्षेत्र में पत्रकारों के लिए मीडिया कक्ष स्थापित किए जाने के लिए धन्यवाद भी दिया। कल जल्दी में अधिक समय नहीं दे पाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा पूर्व से कार्यक्रम निर्धारित है और मैं अगली बार जब भी आऊंगा तो मीडिया को समय दूंगा।

Share:

Next Post

मुहिम रुकी तो बेलगाम हुए तेज गति से दौडऩे वाले वाहन

Tue Sep 20 , 2022
कलेक्टर व एसपी ने बैठक लेकर यातायात और आरटीओ अमले को अभियान चलाने का कहा उज्जैन। नियम विरुद्ध तथा तेज गति से दौडऩे वाले स्कूली और अन्य वाहनों के खिलाफ चैकिंग अभियान पिछले दिनों रुक गया था और उसके बाद फिर से यह वाहन बेलगाम होकर तेज गति से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इस […]