इंदौर न्यूज़ (Indore News)

दिल्ली में खराब मौसम के चलते कई उड़ानें लेट

  • रात 8 बजे दिल्ली जाने वाली एलायंस एयर की उड़ान तडक़े 3.40 बजे हुई रवाना
  • आने और जाने वाले यात्री हुए परेशान, एयरपोर्ट पर किया जमकर हंगामा

इंदौर। देश के कई हिस्सों में खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। कल रात देश की राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के चलते कई उड़ानें घंटों लेट रहीं। वहीं एक फ्लाइट डायवर्ट होकर इंदौर भी पहुंची। सबसे ज्यादा लेट एलायंस एयर की फ्लाइट रही, जो सात घंटे देरी से आई। इतनी लेट होने के कारण रात के बजाय विमान तडक़े इंदौर से रवाना हो पाया।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली में खराब मौसम के कारण दिल्ली के साथ ही दिल्ली से होकर अन्य शहरों से इंदौर आने वाली उड़ानों का शेड्यूल भी बिगड़ा रहा। एलायंस एयर की फ्लाइट (9आई-627/628) शाम 7.40 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8.05 बजे वापस दिल्ली जाती है, लेकिन कल यह फ्लाइट रात 2.55 बजे इंदौर आकर 3.40 बजे दिल्ली रवाना हुई। यानी तय समय से सवा सात घंटे देरी से आकर साढ़े सात घंटे देरी से गई। इसी तरह इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट, जो रात 9.55 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 10.40 बजे वापस दिल्ली जाती है, तीन घंटे से ज्यादा लेट रात 1.05 बजे आकर 1.50 बजे रवाना हो सकी। इसी तरह जयपुर, लखनऊ, मुंबई, बेंगलुरु की उड़ानें भी एक से दो घंटे तक लेट रहीं। उड़ानों के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया।


रात 1 बजे बेंगलुरु फ्लाइट डायवर्ट होकर पहुंची इंदौर
दिल्ली में शाम से बिगड़ा मौसम रात तक खराब ही रहा। अधिकारियों ने बताया कि विस्तारा एयरलाइंस का बेंगलुरु से दिल्ली जा रहा विमान दिल्ली में खराब मौसम के चलते उतर नहीं पाया और विमान को डायवर्ट कर इंदौर लाया गया। यह विमान रात 1 बजे इंदौर पहुंचा। मौसम साफ होने के बाद रात 2 बजे यह दिल्ली के लिए रवाना हुआ। विमान में 182 यात्री सवार थे।

Share:

Next Post

बिचौली में मोबाइल टावर में लगी आग

Sat May 11 , 2024
दो अन्य स्थानों पर दुकान और मकान में लगी आग इंदौर। शहर में तीन स्थानों पर कल रात आग लगने की घटना हुई। मिली जानकारी के अनुसार कल रात बिचौली मर्दाना क्षेत्र में अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास रिलायंस जिओ के मोबाइल टावर में आग लग गई। दमकल सूत्रों ने बताया कि आग के कारण […]