
डेस्क: मारुति सुजुकी ने गुरुवार को भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार से पर्दा उठा दिया है. कंपनी का कहना है कि यह कार देश में बाहर से आने वाले कच्चे तेल पर निर्भरता कम करेगी और प्रदूषण घटाने में बड़ी भूमिका निभाएगी. इस खास लॉन्चिंग के मौके पर मारुति सुजुकी के MD और CEO हिसाशी ताकेउची ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वैगनआर (Wagon R) सिर्फ एक नई कार नहीं है, बल्कि यह भारत के एनर्जी सेक्टर में एक नया चैप्टर है. इस मौके पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे.
भारतीय कार बाजार के ‘क्लीन एनर्जी’ सेगमेंट में मारुति सुजुकी की हिस्सेदारी 50% से भी ज्यादा है. अब नई WagonR BioFlex लॉन्च करके कंपनी ने एक नए सेगमेंट में कदम रखा है. कंपनी को उम्मीद है कि इससे उनका बाजार में दबदबा और बढ़ेगा. यह कार ऐसे समय पर आई है जब भारत सरकार पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाने पर जोर दे रही है. सुजुकी और हीरो मोटोकॉर्प जैसी कंपनियां पहले ही फ्लेक्स-फ्यूल से चलने वाली मोटरसाइकिलें ला चुकी हैं, लेकिन कारों के मामले में मारुति सुजुकी यह तकनीक लाने वाला पहला ब्रांड बन गया है.
इस कार के इंजन और उससे जुड़े जरूरी हिस्सों को इस तरह से बदला गया है कि यह E85 पेट्रोल से चल सके. E85 पेट्रोल का मतलब है 85% इथेनॉल और 15% पेट्रोल का मिश्रण है. इंजन में किया गया यह तकनीकी बदलाव इस कार को भविष्य के लिए बिल्कुल तैयार बनाता है, क्योंकि भारत सरकार आने वाले सालों में पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा को लगातार बढ़ाने की योजना बना रही है.
दिखने में मारुति सुजुकी वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल बिल्कुल अभी बिकने वाले सामान्य मॉडल जैसी ही है. बदलाव के नाम पर सिर्फ नया नाम और बॉडी ग्राफिक्स (स्टिकर) दिए गए हैं. कार के पीछे की तरफ ‘BioFlex’ लिखा हुआ है, जो इसे आम मॉडल से अलग बनाता है. कार के किनारों पर नए ग्राफिक्स हैं. इसके अलावा कार के बाहरी हिस्से या अंदर के केबिन में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved