इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

मिशन 28-पहले सार्वजनिक, फिर बंद कमरे में वन-टू-वन चर्चा

सभी प्रभारी और संगठन से सीएम, अध्यक्ष और महामंत्री ने पूछा आकलन
इंदौर। भाजपा के मिशन 28 को लेकर कल सभी सीटों के प्रभारियों और अध्यक्षों से संगठन के प्रमुख और मुख्यमंत्री ने फीडबैक लिया। पहले दौर में 20 सीटों पर चर्चा हुई। पहले तो सार्वजनिक रूप से चर्चा की गई, उसके बाद एक-एक को बुलाकर बंद कमरे में चर्चा भी की गई। सभी से स्पष्ट पूछा कि उनकी सीट की वास्तविक स्थिति क्या है तो सभी ने जीत का ही दावा किया। दोपहर से शाम तक चली बैठक में कुछ सीटों पर कारण गिनाते हुए वहां नुकसान होने की बात भी सामने आई, लेकिन मालवा-निमाड़ की सातों सीटों को लेकर पॉजिटिव फीडबैक आया है, जिससे संगठन खुश हैं।

भाजपा कार्यालय भोपाल में कल सभी 28 सीटों के चुनाव प्रभारी, सहप्रभारी, विस्तारक और अध्यक्ष को बुलाया गया था। इन सबसे प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, महामंत्री सुहास भगत और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने चर्चा की। सांवेर से प्रभारी रमेश मेंदोला, जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, बदनावर से प्रभारी कृष्णमुरारी मोघे, नेपानगर से गोपीकृष्ण नेमा और अन्य विधानसभाओं से भी प्रभारी और अन्य पदाधिकारी पहुंचे थे। हाटपीपलिया सीट से प्रभारी जीतू जिराती एक दिन पहले ही संगठन को अपनी रिपोर्ट दे चुके थे। 28 सीटों पर जीत के आकलन को लेकर बात की गई और यह भी पूछा गया कि जीत का दावा कैसे किया जा रहा है और अगर नुकसान हो रहा हो तो क्यों हो रहा है? संगठन ने सभी से मतदान के आंकड़े भी मंगाए थे। पहले सभी से सार्वजनिक चर्चा की गई और उसके बाद प्रभारी, अध्यक्ष तथा विस्तारकों से अलग-अलग चर्चा कर जानकारी ली गई। प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने खुद उनसे बात की। हालांकि मालवा-निमाड़ की सभी सातों सीटों पर विश्वास दिलाया गया है कि सभी सीटों पर भाजपा जीत रही है। सूत्रों के अनुसार 28 में से 20 सीटें भाजपा की झोली में आ रही हैं। बैठक में ग्वालियर और चंबल अंचल में ही पार्टी को सीटों का नुकसान होने की बात सामने आई है।

एक दिन पहले ही मिल आए जिराती
हाटपीपलिया विधानसभा के प्रभारी जिराती एक दिन पहले ही भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी और अन्य पदाधिकारियों के साथ भोपाल पहुंचे और संगठन को अपनी रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि किस नेता ने क्या काम किया। वैसे हाटपीपलिया को भाजपा अपनी झोली में मानकर चल रही है।

मंत्रियों ने किया राजनीतिक पर्यटन
प्रचार के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में कई मंत्रियों को वहां भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए भेजा गया था, लेकिन कई सीटों पर मंत्री गायब रहे। वे आते और राजनीतिक पर्यटन कर चले जाते। यह बात भी बैठक में सामने आई। कुछ प्रभारियों ने यह शिकायत भी की और कहा कि जब मुख्यमंत्री या संगठन का कोई बड़ा नेता उस सीट पर प्रचार के लिए पहुंचता था तो वे आगे-पीछे घूमने लगते थे।

कांग्रेसियों के बारे में भी ली जानकारी
बैठक में संगठन ने हार-जीत के आंकड़ों को लेकर चर्चा तो की ही। इसके साथ उन कांग्रेसियों के बारे में भी जानकारी ली जो भाजपा में शामिल हुए हैं। महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि अगर कहीं गड़बड़ हुई है या किसी सीट पर वो एडजस्ट नहीं हो पा रहे हैं तो आप लोगों को एक रिपोर्ट लिखित में बनाना चाहिए, ताकि भविष्य में इसका ध्यान रखा जा सके।

डेढ़ महीने पहले भेजे थे विस्तारक
संगठन ने सामंजस्य और कामकाज की दृष्टि से सभी विधानसभा सीटों पर विस्तारकों की नियुक्ति की थी। इन विस्तारकों को भी कल बैठक में बुलाया गया था। इनसे भी बंद कमरे में चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार इनसे यह भी पूछा गया कि चुनाव में किस-किस भाजपा नेता ने काम किया नहीं और इसके साथ ही नए लोगों के साथ किस तरह से सामंजस्य बनाया गया।

Share:

Next Post

कोरोना वायरस की आड़ में शहर में शुरू हुई अस्थायी मंडियों को बंद करने का दबाव बनाया व्यापारियों ने

Sun Nov 8 , 2020
चोइथराम के अलावा अभी पांच स्थानों पर मंडी का संचालन हो रहा है व्यापारियों को नुकसान तो शासन को भी राजस्व का घाटा इन्दौर। कोरोना वायरस की आड़ में शहर में शुरू हुई मंडियों को व्यापारियों ने बंद करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। चोइथराम के अलावा शहर में पांच स्थानों पर अस्थायी […]