भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

76 से हजार से ज्यादा कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

  • ग्वालियर-चंबल में कांग्रेस में सबसे बड़ी सेंध का दावा

भोपाल। विधानसभा की 27 सीटों पर उपचुनाव के लिहाज से सबसे अहम ग्वालियर चंबल संभाग में भाजपा ने कांग्रेस के अंदर सबसे बड़ी सेंध का दावा किया है। भाजपा की मानें तो ग्वालियर चंबल संभाग में 3 दिन चले मेगा सदस्यता अभियान में 76000 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ले चुके हैं। हालांकि भाजपा के इस दावे को कांग्रेस फेक बता रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ग्वालियर और चंबल संभाग के चारों लोकसभा क्षेत्र से 76,361 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें से 18334 ग्वालियर लोकसभा। 24989 मुरैना लोकसभा, 19563 गुना लोकसभा और 13475 भिंड लोक सभा क्षेत्र के कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और सीएम शिवराज ने ट्वीट कर इन सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया हैं। ग्वालियर में बीती 22 अगस्त से जारी मेगा सदस्यता अभियान के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर समेत तमाम बीजेपी के दिग्गजों ने ग्वालियर में ही डेरा जमाया हुआ था।

उपचुनाव के लिहाज से अहम
मध्य प्रदेश में जिन 27 सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें ग्वालियर चंबल संभाग सबसे अहम माना जा रहा है क्योंकि उपचुनाव की सबसे ज्यादा 16 सीटें इसी ग्वालियर चंबल संभाग से हैं। दूसरी बड़ी बात ये है ये कांग्रेस से बगावत करने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का इलाका है।
ग्वालियर चंबल संभाग ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ है लिहाजा बीजेपी उपचुनाव से पहले कांग्रेस पर मानसिक दबाव बनाने के लिए मेगा सदस्यता अभियान चला रही है। कोरोना के बाजूद सार्वजनिक आयोजन कर कांग्रेस कार्यकताओं को बीजेपी की सदस्यता दिलाई जा रही है।सदस्यता के लिए सीएम और सिंधिया भी ग्वालियर में 3 दिन से मौजूद हैं। एक तरफ जहां भाजपा कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका देने का दावा कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने इन आंकड़ों को फर्जी बताया है। कांग्रेस के आरोपों की मानें तो भाजपा खुद अपने ही कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यकर्ता बता कर पार्टी की सदस्यता दिलवा रही है। हालांकि जो कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं उनकी ग्वालियर चंबल भाजपा ने खासतौर से सूची तैयार की है और जरूरत पडऩे पर उसे सार्वजनिक भी किया जा सकता है।

Share:

Next Post

पूर्व मंत्री का बड़ा बयान, कहा- भाजपा ने फर्जी सदस्यता कराई, इनमें कोई कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं

Tue Aug 25 , 2020
भोपाल। मप्र के ग्वालियर जिले में भाजपा ने तीन दिवसीय सदस्यता अभियान चलाया। भाजपा के अनुसार इस तीन दिवसीय सदस्यता अभियान में सात हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वहीं भाजपा के इस दावे पर मप्र के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने सवाल उठाए हैं और […]