भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सर्दी के साथ बढऩे लगी मेहमान परिंदों की आवाजाही

भोपाल। ठंड के साथ ही दूरदराज से आने वाले मेहमान परिंदों का राजधानी में डेरा डलना शुरू हो गया है जिसमें सुरखाब भी अपनी खूबसूरती से आकर्षित कर रहा है तो यूरेशियन हॉबी, रेड शेंक, ब्ल्यू रॉक थ्रश, ब्लेक रेडस्टार्ट, मार्श हैरियर, यलो वेगटेल सहित कई प्रजाति के पक्षी आ चुके हैं। यूं तो शहर और आसपास के विभिन्न जलस्त्रोतों में ये पक्षी देखे जा सकते हैं लेकिन इन दिनों सबसे ज्यादा परिंदे बड़े तालाब में नजर आ रहे हैं जिसमें प्रवासी के साथ स्थानीय पक्षी भी शामिल हैं। फिलहाल पक्षीप्रेमियों को और भी पक्षियों के आने का इंतजार है जो कि सर्दी के बढऩे पर ही संभव हो सकेगा। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर की शुरुआत के साथ शहर में करीब 50 प्रजाति के प्रवासी पक्षी नजर आने लगेंगे। नेचर फॉर वॉलिंटियर्स के अनुसार राजधानी में अफ्रीका से आने वाला पाइड कुक्कु, साइबेरिया से आने वाला साइबेरियन स्टोन चेट भी आ चुका है। हालांकि इनकी संख्या अभी कम है जो कि तेज ठंड के साथ बढ़ेगी। इस बार बारिश भी अच्छी हुई और ठंड के तेवर भी तीखे होते नजर आ रहे हैं जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि मेहमान परिंदे इस बार और भी ज्यादा संख्या में आएंगे। शहर में सर्दी के मौसम में करीब 50 प्रजाति के मेहमान परिंदे आते हैं। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार अभी यूरेशियन हॉबी, रेड शेंक, कैस्ट्रल आ चुके हैं, पर बतखों के बड़े झुंड का इंतजार है। शहर में बड़े तालाब में इन दिनों स्थानीय पक्षी कॉमन कूट को बड़ी संख्या में देखा जा सकता है, जो ठंड में ही दिखाई देते हैं। बात अगर आने वाले पक्षियों की करें तो कॉमन पोचार्ड, शॉर्ट इयर्ड आउल, लिटिल स्टींट, रेड हेटेड बंटिंग, यलो हेटेड बंटिंग, नॉर्दन शेवलर, नॉर्दन पिंटल का इंतजार है जो कि संभावित रूप से दिसंबर तक शहर आएंगे।

Share:

Next Post

रात का पारा 3-4 डिग्री लुढ़केगा

Tue Nov 17 , 2020
राजधानी में आज से सर्दी की दस्तक भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान बढ़े हुए हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग में बरसात के कारण दिन के तापमान में काफी गिरावट हुई है, लेकिन बादल बने रहने के कारण रात के तापमान वहां भी बढ़े हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पाकिस्तान और उससे […]