
शहडोल। बाणसागर डैम (Bansagar Dam) के 6 गेट खोले जाने के बाद शहडोल जिले में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी बढ़ते जलस्तर के बीच देवलौंद थाना क्षेत्र की सुखाड़ नदी में मछली पकड़ने गए 6 लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। अचानक आई बाढ़ के कारण उन्हें पानी के बढ़ते बहाव का अंदाजा नहीं लग सका और देखते ही देखते चारों तरफ पानी फैल गया, पिछले करीब 3 घंटे से फंसे लोग मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं।
जलभराव अधिक होने के चलते डैम के 6 गेट खोले गए
बताया जा रहा है कि बाणसागर डैम में जलभराव अधिक होने के चलते डैम के 6 गेट खोले गए हैं। गेट खुलने के बाद नदी में पानी का प्रवाह बढ़ा और सुखाड़ नदी का जलस्तर भी तेजी से ऊपर आने लगा,इसी दौरान नदी में मछली पकड़ रहे लोग पानी से घिर गए और सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। नदी के बीच बने टापू पर फंसे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। एक ओर पानी का तेज बहाव है तो दूसरी ओर लगातार बढ़ता जलस्तर उनके लिए खतरा बढ़ा रहा है। फंसे लोग किसी तरह मदद पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
मौके पर प्रशासनिक अमला मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ मौके पर प्रशासनिक अमला मौजूद है और लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहडोल होमगार्ड की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है, जबकि SDRF टीम को भी सूचना दी गई है। प्रशासन की प्राथमिकता नदी में फंसे सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
नदी-नालों के आसपास न जाएं
गौरतलब है कि करीब तीन दिन पहले भी सुखाड़ नदी में तीन ग्रामीणों के फंसने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बावजूद लोग नदी में मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों के लिए पहुंच रहे हैं। फिलहाल सुखाड़ नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि बाणसागर डैम के गेट खुलने के बाद नदी-नालों के आसपास न जाएं और तेज बहाव वाले पानी में उतरने या उसे पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
रेस्क्यू के लिए SDRF को सूचना दी गई
मामले में कलेक्टर पार्थ जायसवाल का कहना है कि 6 लोगो के फंसे होने की सूचना मिली है। प्रथमिक तौर पर शहडोल होमगार्ड की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हुई है, जल्द ही रेस्क्यू कर लिया जाएगा। एसपी संजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि मछली मारने गए 6 लोग तेज धार के बीच फंसे है उनका रेस्क्यू के लिए SDRF को सूचना दी गई है, जल्द ही रेस्क्यू कर लिया जाएगा, तीन दिन पहले भी तो लोग फंसे थे ,जिनका रेस्क्यू किया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved