
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। नगर परिषद में फैल रहे कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लामबंद होकर नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। तालाबंदी की कोशिश के दौरान पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय काफी गरमा गया जब आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाने की कोशिश करने लगे। मौके पर तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और भारी धक्का-मुक्की हुई। बैरिकेड्स और गेट के पास कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और नगर परिषद तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी जैसे जोरदार नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इछावर नगर परिषद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है।
काफी देर चले हंगामे और नारेबाजी के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद में जारी भ्रष्टाचार पर तत्काल अंकुश लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाई गई और जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, वरिष्ठ नेता बृजेश पटेल समेत कांग्रेस के अनेक पार्षद, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved