
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के टीकमगढ़ जिले से एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है। खरगापुर कस्बे में संचालित ‘जानकी बाई आवासीय विद्यालय’ के छात्रावास से 3 नाबालिग छात्र अचानक लापता हो गए हैं। बच्चे बिना किसी को बताए हॉस्टल से गायब हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
बिना बताए अचानक हॉस्टल से हुए गायब
मिली जानकारी के अनुसार, खरगापुर स्थित जानकी बाई आवासीय विद्यालय में आसपास के ग्रामीण अंचलों के बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं। कल विद्यालय के हॉस्टल से तीन मासूम छात्र अचानक कहीं चले गए। जब हॉस्टल प्रबंधन को बच्चों के गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। परिजनों ने तुरंत खरगापुर पहुंचकर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। गायब हुए बच्चों में से दो छात्र कक्षा 7वीं के और एक छात्र कक्षा चौथी का विद्यार्थी बताया जा रहा है।
पुलिस की सरगर्मी से तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगापुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है और बच्चों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश व पूछताछ की जा रही है। हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर मासूम बच्चे प्रबंधन की नजरों से बचकर बाहर कैसे निकल गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved