
रीवा। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के रीवा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक निजी यात्री बस (Tour bus) और कैप्सूल ट्रक (बल्कर) (Capsule Truck (Bulker) के बीच आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। इस बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रीवा (Rewa) जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गुढ़ थानाक्षेत्र के बदवार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पलट गया और बस पानी से भरे एक नाले में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा उसने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं।
घायलों को संजय गांधी अस्पताल भेजा गया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) भावना मरावी ने कहा कि अब तक पांच लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और 30 अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मरावी ने कहा कि घटनास्थल पर अब भी बचाव अभियान जारी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि और कोई यात्री बस में ना फंसा हो।
कलेक्टर बोले- दो घायलों का ICU में चल रहा इलाज
हादसे को लेकर रीवा कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा, ‘यह दुर्घटना बस और’कैप्सूल’ टैंकर के बीच गुढ़ से लगभग 4 किलोमीटर आगे हुई। टक्कर के तुरंत बाद बस सड़क से उतरकर किनारे पर बने गड्ढे में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूरा प्रशासन, मेडिकल टीमें, स्थानीय ग्रामीण और जन-प्रतिनिधि तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मिलकर बचाव कार्य में जुट गए। 5 लोगों की मौत हुई है और फिलहाल यह आंकड़ा बढ़ने की कोई उम्मीद नहीं है।’
पीएम मोदी ने हादसे को लेकर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने दुर्घटना को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मध्यप्रदेश के रीवा में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
सीएम यादव ने की प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की घोषणा
उधर इस हादसे को लेकर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) ने कहा, ‘आज रीवा-सीधी राजमार्ग पर बस और ट्रक की टक्कर में हुई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।’ उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 2-2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तरों का इंतजाम किया गया
उपविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अनुराग तिवारी ने बताया कि अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तर भी आरक्षित किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य घायलों का भी तत्काल इलाज किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
बता दें कि जिस राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यह दुर्घटना हुई है, वह उत्तर प्रदेश के झांसी को झारखंड की राजधानी रांची से जोड़ता है और यह मध्यप्रदेश से गुजरता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved