
इंदौर। इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया था, जहां मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जहां सुनसान इलाके में मिले अधेड़ के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 17 अप्रैल की सुबह स्कीम नंबर 136 के पास एक गार्डन के नजदीक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि यह एक हत्या का मामला है। सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एमआर-10 स्थित शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक मृतक को अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाता नजर आया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी प्रमोद वैद्य ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 16 अप्रैल की रात शराब पीने को लेकर मृतक कईवा दंगोडे से उसका विवाद हो गया था। मृतक द्वारा जबरन शराब पिलाने की जिद और अपमान से नाराज होकर आरोपी उसे सुनसान इलाके में ले गया और कंक्रीट के ब्लॉक से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved