
उज्जैन। शहर में बीते 7 महीने से सख्ती दिखा रही यातायात पुलिस ने हेलमेट लगाने में लापरवाही कर रहे 6 हजार 652 वाहन चालकों के चालान बना डाले हैं। हेलमेट के बाद सबसे ज्यादा आंकड़े रॉन्ग पार्किंग के हैं। इस प्रकार साल 2026 में अब तक यातायात पुलिस ने कुल 17 हजार 36 चालान बनाए और लाखों रुपए समन शुल्क वसूला हैं।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार एक जनवरी 2026 से 31 जुलाई तक विशेष चैकिंग अभियान में बिना हेलमेट वालों के अलावा सबसे ज्यादा सख्ती नो पार्किंग, नंबर प्लेट, रेड लाइट जम्प, बिना बीमा, मोबाइल पर बात और वन-वे का उल्लंघन करने वालों के लिए हुई। इस अवधि में यातायात पुलिस ने सभी जोन में कार्रवाई करते हुए लगभग 17 हजार वाहन चालकों के चालान बनाए, जिनसे लगभग 5 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। यातायात डीएसपी दिलीप सिंह परिहार के अनुसार यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक खुद के साथ ही सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के साथ ही पैदल राहगीरों की जान भी जोखिम में डालते हैं। उज्जैन यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है साथ ही जनजागरूकता के प्रयास भी किये जा रहे है।
70 लोग मोबाइल पर बात करते पकड़े गए
शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले कुल 70 वाहन चालकों पर कार्यवाही की गई। इनमें भारी जुर्माना भी वसूला गया हैं। कुछ मामलों में नशे की हालत में वाहन चलाते हुए भारी वाहन चालक पकड़े गए, जिन पर भी अन्य धाराओं में वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहन जप्त किए गए है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved