
उज्जैन। एससी वर्ग के विद्यार्थियों की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का सत्यापन समय पर नहीं करने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाही पर नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिए। समीक्षा में अल्पाइन कॉलेज, नव संवत कॉलेज, एमआईटी कॉलेज, ग्लोबल प्रशांति कॉलेज और गुरु सांदीपनि कॉलेज में विद्यार्थियों के सत्यापन लंबित मिले।
कलेक्टर ने संबंधित नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।बैठक में सामने आया कि छात्रवृत्ति सत्यापन में सिर्फ तकनीकी महाविद्यालय ही नहीं, अन्य कॉलेज भी ढिलाई बरत रहे हैं। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों और उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक को सत्यापन का काम प्राथमिकता से पूरा कराने और किसी भी विद्यार्थी की छात्रवृत्ति नहीं रुकने देने के निर्देश दिए। बैठक में कॉलेजों के नवाचारों की भी जानकारी ली गई। माधव साइंस कॉलेज में भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान के ई-कंटेंट तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कॉलेज में पिछले साल चार स्टार्टअप शुरू हुए। 3400 विद्यार्थियों वाले कॉलेज में प्लेसमेंट सेल के जरिए 12 कंपनियों को बुलाकर रोजगार के लिए प्लेसमेंट ड्राइव भी कराया गया। कलेक्टर ने विक्रम उद्योगपुरी की कंपनियों से भी सीधे जुडऩे के निर्देश दिए। पीएस एक्सीलेंस कॉलेज में एआई की पढ़ाई के लिए दिल्ली आईआईटी से समन्वय किया जा रहा है। कंपनियों को कॉलेज में बुलाकर साक्षात्कार कराए गए, जिसमें 129 विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हुआ। टीसीएस और आईसीआईसीआई जैसी कंपनियां भी प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हुईं। कलेक्टर ने अन्य कॉलेजों को भी छात्रवृत्ति के काम में तेजी के साथ पढ़ाई, नवाचार और रोजगार से जुड़े ऐसे प्रयास बढ़ाने के निर्देश दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved