
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने कई देशों के साथ जो मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, वे युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके खोल रहे हैं। ‘रोजगार मेला’ को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है और दुनिया को भारतीय इनोवेटर्स, ऑन्त्रेप्रेन्यॉर्स और देश की युवा शक्ति से काफी उम्मीदें हैं।
पीएम मोदी ने कहा, ”भारत ने 40 एफटीए किए हैं। ये एफटीए हमारे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं। ऐसे व्यापार समझौते हमारे ऑन्त्रेप्रेन्यॉर्स के लिए नई पार्टनरशिप का रास्ता तैयार करते हैं, नए बाजारों तक पहुंच बनाते हैं और युवाओं के लिए करियर की नई संभावनाएं पैदा करते हैं।”
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले 51,000 से ज्यादा नवचयनित युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। हाल में संपन्न हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत का प्रयास रहा है कि ब्रिक्स का सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे। उन्होंने कहा, ”हमारे उद्यमी, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा हर किसी को इस साझेदारी में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए।”
पीएम ने कहा, ”भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है। भारत की स्टार्टअप की कहानी अब सिर्फ बड़े शहरों की कहानी नहीं है। आज मान्यता प्राप्त करीब आधे स्टार्टअप दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में हैं।” पीएम मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के महत्वपूर्ण लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नवनियुक्त उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय शामिल हैं। बयान के अनुसार, 20वें रोजगार मेले तक विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved