उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

शंख ध्वनि के साथ नए वर्ष का अभिनंदन हुआ

  • सृष्टि के आरंभ दिवस का उज्जयिनी में छाया उल्लास, शिप्रा तट पर सुबह सूर्य को दिया अघ्र्य-हरसिद्धि मंदिर में हुई घटस्थापना-चेटीचंड पर निकली वाहन रैली-शाम को रामघाट पर होगी कैलाश खेर की प्रस्तुति-शहर में उल्लास का माहौल, नीम, मिश्री भी बंटी

उज्जैन। आज चैत्र मास की प्रतिपदा पर सृष्टि के साथ-साथ उज्जैन नगर का जन्मदिवस मनाया जा रहा है। आज ही के दिन से हिन्दू नववर्ष का आरंभ हुआ था। इस अवसर पर सुबह शिप्रा नदी में सूर्य को अघ्र्य दिया गया। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन आज सुबह हरसिद्धि सहित विभिन्न देवी मंदिरों में घटस्थापना हुई। चेटीचंड पर आज नगर में भव्य वाहन रैली सुबह निकली। विक्रमोत्सव में शाम को शिप्रा तट पर प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। चैत्र मास की प्रतिपदा से सृष्टि का आरंभ हुआ था। इस वर्ष से आज ही के दिन उज्जैन नगर का जन्मदिवस भी गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आयोजन को लेकर कई कार्यक्रम रखे गए हैं। कल एक दिन पहले महाकाल के आंगन से नगर की गौरव यात्रा निकली थी। आज प्रतिपदा के अवसर पर सुबह रामघाट पर बड़ी संख्या में विभिन्न संस्थाओं द्वारा हिन्दू नववर्ष के आगमन को अभिनंदन किया गया। यहाँ सूर्य को अघ्र्य दिया गया और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए। नये वर्ष के स्वागत में यहाँ शख ध्वनियां की गईं और स्वस्ति वाचन सहित अन्य कार्यक्रम रखे गए।


संस्था नवसंवत् नवविचार द्वारा फव्वारा चौक स्थित महावीर स्तम्भ से इंद्र ध्वज चल समारोह निकाला गया। सिंधी समाज द्वारा भी आज चेटीचंड पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह संतराम सिंधी कॉलोनी और पटेल नगर कॉलोनी से बड़ी वाहन रैलियाँ निकाली गईं। यह दोनों रैलियाँ विभिन्न मार्गों से होती हुई इंदिरा नगर स्थित नवनिर्मित सिंधु भवन पहुंची। वाहन रैली में सैकड़ों वाहनों के साथ-साथ डीजे, बग्घियाँ और घुड़सवार भी शामिल थे। टॉवर चौक सहित विभिन्न स्थानों वाहन रैली के स्वागत में मंच लगाए गए थे। रैली के दौरान स्वच्छता का संदेश भी दिया जा रहा था।

  • विशेष संयोग में शुरू हुई नवरात्रि : ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नौ दिवसीय देवी शक्ति आराधना का पर्व आरंभ हो गया है। इस बार चैत्र मास की नवरात्रि पूरे नौ दिनों की रहेगी। इस अवसर पर आज सुबह हरसिद्धि मंदिर, चामुंडा माता मंदिर, गढ़कालिका, भूखी माता, नगरकोट महारानी सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह विशेष मुहूर्तों में घटस्थापना की गई तथा आरती के बाद हवन यज्ञ आरंभ हुए। हरसिद्धि मंदिर को आकर्षक विद्युत से सजाया गया है। सुबह से यहाँॅ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहाँ दीपमालिकाओं की बुकिंग भी नवरात्रि में पूरी हो चुकी है। चामुंडा माता मंदिर पर चैत्र नवरात्रि पर गुड़ी पड़वा से नवरात्रि पर्व प्रारंभ हो गया जो 10 अप्रैल रविवार तक मनाया जाएगा। भक्त समिति के संयोजक पं. शरद ने बताया कि नवरात्रि में मंदिर पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है तथा सुबह शाम 7.30 बजे भव्य आरती, हवन दुर्गा सप्तशती का पाठ एवं प्रसादी वितरित की जाएगी। दर्शन यात्रियों को चामुंडा माता मंदिर भक्त समिति द्वारा ठंडे पेयजल की व्यवस्था एवं जूता चप्पल व्यवस्था समिति द्वारा दी जाएगी।
  • नववर्ष प्रतिपदा पर निकाला प्रकट संचलन: वर्ष प्रतिपदा पर इस साल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शहर की विभिन्न शाखाओं का प्रकट संचलन निकाला। अलग-अलग भागों से यह प्रकट संचलन क्षीरसागर पहुंचा। शहर के विभिन्न भागो से आज सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने प्रकट संचलन निकाला। यह सभी संचलन सुबह 8.30 बजे क्षीरसागर पहुंचे और यहां पर मुख्य कार्यक्रम था जहां वर्ष प्रतिपदा पर सभी ने एक दूसरे को गले लग कर शुभकामनाएं दी।
  • शाम को आएंगे मुख्यमंत्री, कैलाश खेर देेंगे प्रस्तुति : विक्रमोत्सव के तहत आज शाम रामघाट पर ख्यात गायक कैलाश खेर भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन के लिए रामघाट पर नदी के बीच मंच बनाया गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी शहर आएंगे। सबसे पहले वे नीलगंगा हाट-बाजार में आयोजित गौरव रोजगार मेले का अवलोकन करने जाएंगे, इसके बाद वे भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे और फिर नदी पर आयोजित कैलाश खेर के कार्यक्रम में भी जाएंगे।
Share:

Next Post

दिनदहाड़े युवती को भगाकर रात में चलाये बम

Sat Apr 2 , 2022
एकतरफा प्यार के चलते की वारदात, जबलपुर स्टेशन से भागते समय पुलिस ने दबोचा जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र से बीते दिवस दिनदहाड़े एक घर में महिला के साथ मारपीट कर युवती को अपने साथ भगा कर ले जाने वाले बदमाशों ने अधारताल क्षेत्र में रात में बमबाजी की और भाग खड़े हुए। इसके बाद आरोपी […]